रांची समेत झारखंड–बिहार के कई जिलों में आयकर विभाग की छापेमारी, कारोबार जगत में हलचल

Shashi Bhushan Kumar

आयकर विभाग की अनुसंधान शाखा ने गुरुवार को रांची सहित झारखंड और बिहार के कई जिलों में एक साथ छापेमारी की कार्रवाई शुरू की है। यह कार्रवाई केवल रांची तक सीमित नहीं है, बल्कि जमशेदपुर, हजारीबाग समेत झारखंड के अन्य जिलों और बिहार के कुछ प्रमुख इलाकों में भी आयकर विभाग की टीमें सक्रिय हैं।

अचानक शुरू हुई इस छापेमारी से व्यावसायिक क्षेत्रों में हड़कंप की स्थिति देखी जा रही है। सूत्रों के अनुसार, यह कार्रवाई बाबा राइस मिल से जुड़े विभिन्न ठिकानों पर की जा रही है। रांची में कांके रोड, नगड़ी, हरमू, बरियातू और रातू रोड सहित कई स्थानों पर आयकर विभाग की टीमें पहुंची हैं।

आयकर विभाग को इनपुट मिला था कि कुछ बड़े व्यापारी अपनी वास्तविक आय छिपाकर बड़े पैमाने पर कर चोरी कर रहे हैं। इसी सूचना के आधार पर विभाग ने गुरुवार सुबह एक साथ कई ठिकानों पर दबिश दी। वर्ष 2026 में आयकर विभाग द्वारा की जा रही यह पहली बड़ी कार्रवाई मानी जा रही है।

फिलहाल छापेमारी की प्रक्रिया जारी है। विभाग की ओर से अब तक आधिकारिक रूप से किसी भी व्यापारी या प्रतिष्ठान का नाम सार्वजनिक नहीं किया गया है। जांच के दौरान वित्तीय दस्तावेजों, लेन-देन के रिकॉर्ड और अन्य महत्वपूर्ण कागजातों की गहन जांच की जा रही है।

आयकर विभाग की कार्रवाई पूरी होने के बाद ही छापेमारी से जुड़े मामलों और संभावित कर चोरी को लेकर स्पष्ट स्थिति सामने आने की संभावना है।

Share This Article
Digital Head,Live-7, Committed to impactful journalism, Shashi Bhushan Kumar continues to bring meaningful narratives to the public with diligence and passion. Active Journalist since 2012.
Leave a Comment