झारखंड भाजपा के मिलन समारोह में सैकड़ों युवाओं ने थामा पार्टी का दामन, प्रदेश अध्यक्ष और नेता प्रतिपक्ष ने किया स्वागत

Shashi Bhushan Kumar

झारखंड में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने संगठन को मजबूत करने के उद्देश्य से सदस्यता अभियान तेज कर दिया है। इसी कड़ी में रविवार को राजधानी रांची में आयोजित एक मिलन समारोह में सैकड़ों युवाओं ने पार्टी का दामन थामा। राजधानी रांची स्थित प्रदेश कार्यालय में आयोजित इस कार्यक्रम में हटिया विधानसभा क्षेत्र के युवा समाजसेवी सुमित साहू के नेतृत्व में बड़ी संख्या में युवकों ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की।

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू और नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने नए सदस्यों का पार्टी पट्टा पहनाकर स्वागत किया। कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने कहा कि भाजपा एक विचारधारा आधारित पार्टी है, जिसमें युवाओं की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि देश और राज्य के विकास की जिम्मेदारी युवाओं के कंधों पर है और भाजपा उन्हें अवसर प्रदान करती है।

आदित्य साहू ने राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि झारखंड में हालात चिंताजनक हैं, जबकि मुख्यमंत्री समेत पूरी सरकार असम में व्यस्त है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति कमजोर हो चुकी है और प्रशासन का ध्यान सुधार के बजाय वसूली पर केंद्रित है। उन्होंने यह भी कहा कि केंद्र की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना भाजपा का उद्देश्य रहा है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में यह लगातार संभव हुआ है।

वहीं, नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा कि पार्टी के स्थापना दिवस से पहले बड़ी संख्या में युवाओं का भाजपा से जुड़ना संगठन के लिए सकारात्मक संकेत है। उन्होंने कहा कि इससे पार्टी को जमीनी स्तर पर मजबूती मिलेगी। मरांडी ने दावा किया कि भाजपा के शासनकाल में झारखंड में बुनियादी ढांचे और विकास के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य हुए, जबकि वर्तमान सरकार हर मोर्चे पर विफल रही है।

इस अवसर पर हटिया के विधायक एवं विधानसभा में मुख्य सचेतक नवीन जायसवाल ने कहा कि भाजपा दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी है और युवाओं का इसमें जुड़ाव स्वाभाविक है। भाजपा में शामिल हुए सुमित साहू ने कहा कि पार्टी से जुड़ना उनके लिए गर्व की बात है। उन्होंने भाजपा को राष्ट्रहित और जनहित के लिए काम करने वाली पार्टी बताया। पार्टी के प्रदेश मीडिया सह प्रभारी योगेंद्र प्रताप सिंह ने कार्यक्रम का संचालन किया।

Share This Article
शशी भूषण कुमार | पत्रकार (Journalist)- शशी भूषण कुमार 12+ वर्षों के अनुभव वाले पत्रकार हैं। प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया में कार्य करते हुए वर्तमान में Live 7 TV.com में सीनियर प्रोड्यूसर के रूप में संपादकीय नेतृत्व और न्यूज़ प्लानिंग की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। वे पिछले तीन वर्षों से झारखंड स्टेट ओपन यूनिवर्सिटी में पत्रकारिता विभाग के गेस्ट फैकल्टी भी हैं। ग्रामीण पत्रकारिता पर शोध कार्य से जुड़े रहते हुए वे जमीनी और आदिवासी क्षेत्रों की आवाज़ को मुख्यधारा तक पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
Leave a Comment