शादी टूटने के सदमे में युवक ने की आत्महत्या, पेड़ पर लटकी मिली लाश

Shashi Bhushan Kumar

झारखंड के गुमला जिले में विवाह का रिश्ता अचानक टूट जाने के गहरे सदमे में एक 22 वर्षीय युवक ने अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। चैनपुर थाना क्षेत्र के लालगंज गांव निवासी सुरेंद्र बैठा ने घर के पास स्थित एक करंज के पेड़ से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।

जानकारी के अनुसार, आगामी 20 अप्रैल को सुरेंद्र का विवाह सिमडेगा निवासी कैलाश रजक की पुत्री के साथ संपन्न होना था, जिसकी तैयारियां दोनों परिवारों में जोरों पर चल रही थीं। परिजनों के मुताबिक, दोनों पक्षों की रजामंदी से ‘छेका’ (सगाई) की रस्म पहले ही पूरी की जा चुकी थी और सगे-संबंधियों के बीच शादी के कार्ड भी बांटे जा चुके थे।

घर में प्रीतिभोज और अन्य मांगलिक कार्यों की रूपरेखा तैयार थी। होने वाले दूल्हा-दुल्हन के बीच फोन पर बातचीत भी होती थी। सब कुछ सामान्य चल रहा था, लेकिन अचानक वधू पक्ष द्वारा शादी से अचानक इनकार किए जाने के फैसले ने सुरेंद्र को मानसिक रूप से तोड़ दिया। रिश्ता टूटने की खबर के बाद से वह डिप्रेशन में चला गया था और पिछले कुछ दिनों से काफी गुमसुम रहने लगा था।

गुरुवार की सुबह जब ग्रामीणों और परिजनों की नजर पेड़ से लटकते हुए सुरेंद्र के शव पर पड़ी तो इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही चैनपुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में आत्महत्या का मामला सामने आ रहा है।

हालांकि, पुलिस सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि वधू पक्ष ने अचानक रिश्ता क्यों तोड़ा और क्या इसके पीछे कोई अन्य विवाद भी था।

Share This Article
शशी भूषण कुमार | पत्रकार (Journalist)- शशी भूषण कुमार 12+ वर्षों के अनुभव वाले पत्रकार हैं। प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया में कार्य करते हुए वर्तमान में Live 7 TV.com में सीनियर प्रोड्यूसर के रूप में संपादकीय नेतृत्व और न्यूज़ प्लानिंग की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। वे पिछले तीन वर्षों से झारखंड स्टेट ओपन यूनिवर्सिटी में पत्रकारिता विभाग के गेस्ट फैकल्टी भी हैं। ग्रामीण पत्रकारिता पर शोध कार्य से जुड़े रहते हुए वे जमीनी और आदिवासी क्षेत्रों की आवाज़ को मुख्यधारा तक पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
Leave a Comment