GIRIDIH
पीरटांड प्रखंड के हरलाडीह ओपी क्षेत्र में हुई दुष्कर्म की घटना की जांच को तेज करने के लिए हजारीबाग रेंज के DIG अंजनी कुमार शनिवार को हरलाडीह पुलिस स्टेशन पहुंचे। उनका गार्ड ऑफ ऑनर के साथ स्वागत किया गया, और पुलिस अधीक्षक डॉ. विमल कुमार ने उन्हें बुके भेंट कर अभिनंदन किया।
निरीक्षण के दौरान DIG अंजनी कुमार ने पुलिस अधिकारियों के साथ अब तक हुई जांच की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने टीम को अनुसंधान में तेजी लाने, साक्ष्यों का वैज्ञानिक तरीके से संकलन सुनिश्चित करने और पीड़िता को हर संभव सहायता प्रदान करने के निर्देश दिए। उन्होंने यह भी कहा कि पुलिस टीम आपस में समन्वय बनाए रखते हुए त्वरित और प्रभावी कार्रवाई करे। DIG ने स्पष्ट किया कि दोषियों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा और न्यायिक प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इस घटना ने इलाके में सनसनी फैला दी है। स्थानीय लोग और जनप्रतिनिधि दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग कर रहे हैं। पुलिस ने जांच में तेजी लाने के लिए विशेष टीम का गठन किया है। DIG के निर्देशों के बाद अनुसंधान में गति आई है और पीड़िता के परिवार को सुरक्षा और आवश्यक चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने का भरोसा दिया गया है। मामले में जल्द ही गिरफ्तारी की संभावना जताई जा रही है।

