यूजीसी को लेकर गलत खबरें फैलाई जा रहीं, सुप्रीम कोर्ट के फैसले का स्वागत: गिरिराज सिंह

Shashi Bhushan Kumar

पटना : विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) को लेकर जारी राजनीतिक बयानबाजी के बीच केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा है कि कुछ लोग जानबूझकर देश में भ्रम फैलाने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने सुप्रीम कोर्ट द्वारा नए यूजीसी नियमों पर लगाई गई रोक का स्वागत करते हुए न्यायालय के फैसले को महत्वपूर्ण बताया।

पटना एयरपोर्ट पर पत्रकारों से बातचीत के दौरान गिरिराज सिंह ने कहा कि सरकार सुप्रीम कोर्ट के निर्णय का सम्मान करती है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ राजनीतिक दलों ने इस मुद्दे पर अनावश्यक राजनीति शुरू कर दी थी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में चल रही सरकार “सबका साथ, सबका विकास” के सिद्धांत पर काम कर रही है, जो केवल नारा नहीं बल्कि व्यवहार में भी दिखाई देता है।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि समाज के किसी भी वर्ग को होने वाली पीड़ा पूरे देश की पीड़ा होती है। उन्होंने आरक्षण और सामाजिक न्याय से जुड़े विभिन्न निर्णयों का उल्लेख करते हुए कहा कि अनुसूचित जाति के पदोन्नति से जुड़े मामलों, ओबीसी आयोग को संवैधानिक दर्जा देने और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग को आरक्षण देने जैसे फैसले देश के हित में लिए गए हैं।

गिरिराज सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हमेशा राष्ट्रहित को प्राथमिकता दी है और इसी वजह से कुछ लोगों को परेशानी हो रही है, जो इस विषय पर राजनीति कर रहे हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इन नेताओं ने देश के विकास के लिए महत्वपूर्ण कार्य किए हैं।

वहीं, पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर निशाना साधते हुए गिरिराज सिंह ने कहा कि उनकी राजनीतिक सोच समाज को विभाजित करने वाली है। उन्होंने कहा कि कुछ घटनाओं को लेकर राजनीतिक बयानबाजी से बचा जाना चाहिए और संवेदनशील मामलों पर राजनीति नहीं होनी चाहिए।

Share This Article
Digital Head,Live-7, Committed to impactful journalism, Shashi Bhushan Kumar continues to bring meaningful narratives to the public with diligence and passion. Active Journalist since 2012.
Leave a Comment