झारखंड जल्द ही पूर्वी भारत का सबसे बड़ा आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) डेटा सेंटर स्थापित करने जा रहा है। हाल ही में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने स्विट्जरलैंड के दावोस और यूके की यात्रा के दौरान विश्व आर्थिक मंच में झारखंड को तकनीकी और डिजिटल हब के रूप में विकसित करने की बात रखी थी, ताकि राज्य में रोजगार के नए अवसर पैदा हो सकें। इसी क्रम में सिंगापुर की सनसाइन ग्लोबल कैपिटल लिमिटेड ने राज्य सरकार को एआई आधारित अत्याधुनिक डेटा सेंटर स्थापित करने के लिए आशय पत्र सौंपा है।
यह परियोजना राज्य में आईटी निवेश को बढ़ावा देने के साथ-साथ रोजगार सृजन और ग्रीन एनर्जी आधारित उद्योगों के विकास में मददगार साबित होगी। योजना के अनुसार, अगले 24 महीनों में इस डेटा सेंटर का व्यावसायिक संचालन शुरू करने का लक्ष्य रखा गया है। इस अवधि में भूमि चयन, बुनियादी ढांचे का विकास, बिजली एवं इंटरनेट कनेक्टिविटी और आवश्यक प्रशासनिक स्वीकृतियों की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
कंपनी ने इस परियोजना के लिए राज्य सरकार से 5 से 8 एकड़ जमीन की मांग की है और कुल 3,300 करोड़ रुपये का निवेश करने की योजना बनाई है। साथ ही, इस पहल से करीब 1,600 लोगों को प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार मिलने की उम्मीद है, विशेषकर आईटी, इंजीनियरिंग, डेटा साइंस, एआई रिसर्च और तकनीकी सहायता क्षेत्र में।

