मोरहाबादी मेले में करंट का कहर: 23 वर्षीय वेंडर की दर्दनाक मौत

Shashi Bhushan Kumar

रांची के मोरहाबादी मैदान में आयोजित स्टेट हैंडलूम एवं सरस मेला में गुरुवार शाम एक दर्दनाक हादसा हो गया। शॉर्ट सर्किट के कारण करंट लगने से 23 वर्षीय वेंडर जुनैद अंसारी की मौत हो गई। घटना के बाद मेला परिसर में अफरा-तफरी मच गई।

मौके पर मौजूद लोगों और सुरक्षाकर्मियों ने जुनैद अंसारी को तुरंत इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने प्रारंभिक जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

हादसे के बाद सुरक्षा के मद्देनज़र मेला परिसर की बिजली काट दी गई और मेले को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया। अंदर मौजूद लोगों को बाहर निकाल दिया गया और बाहरी लोगों के प्रवेश पर रोक लगा दी गई, जिससे कुछ समय के लिए स्थिति तनावपूर्ण बनी रही।

सूचना मिलने पर लालपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। जांच में पता चला कि मृतक भागलपुर का निवासी था और मेले में हैंडमेड क्राफ्ट व कपड़ों की दुकान लगाता था।

बताया जा रहा है कि शाम के समय बारिश के दौरान लोग बचने के लिए इधर-उधर भाग रहे थे। इसी दौरान शॉर्ट सर्किट की वजह से लोहे के ढांचे में करंट आ गया। जुनैद अंसारी के लोहे को छूने से वह करंट की चपेट में आ गया और बेहोश होकर गिर पड़ा।

घटना के वक्त मेले में भारी भीड़ थी, जिससे शुरुआत में किसी को स्थिति समझ नहीं आई। बाद में बिजली काटकर स्थिति को नियंत्रित किया गया। इस हादसे के बाद मेले की सुरक्षा व्यवस्था और बिजली वायरिंग को लेकर सवाल उठने लगे हैं। लोगों का कहना है कि यदि समय पर बिजली नहीं काटी जाती, तो बड़ा हादसा हो सकता था।

Share This Article
शशी भूषण कुमार | पत्रकार (Journalist)- शशी भूषण कुमार 12+ वर्षों के अनुभव वाले पत्रकार हैं। प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया में कार्य करते हुए वर्तमान में Live 7 TV.com में सीनियर प्रोड्यूसर के रूप में संपादकीय नेतृत्व और न्यूज़ प्लानिंग की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। वे पिछले तीन वर्षों से झारखंड स्टेट ओपन यूनिवर्सिटी में पत्रकारिता विभाग के गेस्ट फैकल्टी भी हैं। ग्रामीण पत्रकारिता पर शोध कार्य से जुड़े रहते हुए वे जमीनी और आदिवासी क्षेत्रों की आवाज़ को मुख्यधारा तक पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
Leave a Comment