नई दिल्ली, असम की राजनीति में आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है। मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पवन खेड़ा द्वारा लगाए गए भ्रष्टाचार और व्यक्तिगत आरोपों का जोरदार खंडन किया और राजनीति से प्रेरित बताया है। सरमा ने कहा कि वह और उनकी पत्नी अगले 48 घंटों के भीतर पवन खेड़ा के खिलाफ आपराधिक और दीवानी, दोनों प्रकार के मानहानि के मुकदमे दायर करेंगे।
मुख्यमंत्री सरमा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में पलटवार करते हुए कहा कि पवन खेड़ा की आज की प्रेस कॉन्फ्रेंस कांग्रेस पार्टी के भीतर गहरे असंतोष और घबराहट को दर्शाती है। जैसे-जैसे असम एक ऐतिहासिक जनादेश की ओर निर्णायक रूप से आगे बढ़ रहा है, इस तरह के हताश और बेबुनियाद हमले केवल उनके कमजोर होते जनाधार को ही उजागर करते हैं।
सीएम ने कहा कि मैं उनके द्वारा लगाए गए हर आरोप को पूरी तरह से खारिज करता हूं। ये दुर्भावनापूर्ण, मनगढ़ंत और राजनीतिक रूप से प्रेरित झूठ हैं, जिनका मकसद असम की जनता को गुमराह करना है। मेरी पत्नी और मैं अगले 48 घंटों के भीतर पवन खेड़ा के खिलाफ आपराधिक और दीवानी, दोनों तरह के मानहानि के मुकदमे दायर करेंगे। उनके इन गैर-जिम्मेदाराना और मानहानिकारक बयानों के लिए उन्हें पूरी तरह से जवाबदेह ठहराया जाएगा।
उन्होंने आगे कहा कि मुझे न्यायपालिका पर पूरा भरोसा है। एक बार जब अदालत में सच्चाई साबित हो जाएगी, तो पवन खेड़ा को अपने कृत्यों का परिणाम भुगतना पड़ेगा, और कानून अपना काम करेगा। असम की जनता ऐसे दुष्प्रचार से गुमराह नहीं होगी। हम पूरी तरह से केंद्रित, दृढ़ निश्चयी और जनता से 100 से अधिक सीटों का निर्णायक जनादेश हासिल करने के प्रति आश्वस्त हैं।
दरअसल, कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में मुख्यमंत्री सरमा और उनकी पत्नी पर गंभीर आरोप लगाए थे। खेड़ा ने दावा किया कि सरमा की पत्नी के पास तीन अलग-अलग देशों के पासपोर्ट हैं। उन्होंने यह भी कहा कि उनके समर्थकों को विदेश से ऐसे दस्तावेज मिले हैं, जो उनके अनुसार स्वतंत्र भारत की राजनीति में किसी मौजूदा मुख्यमंत्री और उनके परिवार के खिलाफ सबसे बड़े खुलासों में से एक हो सकते हैं।

