मधुबनी: बिहार के मधुबनी जिले के राजनगर थाना क्षेत्र में रविवार को पुलिस कार्रवाई के दौरान हत्या के एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया। मुठभेड़ के दौरान आरोपी के पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया। उसके पास से एक अवैध हथियार भी बरामद किया गया है।
मधुबनी के पुलिस अधीक्षक योगेंद्र कुमार के अनुसार, 10 फरवरी को राजनगर थाना क्षेत्र के राघोपुर बलाट के पास जयराम मंडल की अज्ञात अपराधियों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर-दो के नेतृत्व में एक विशेष दल का गठन किया गया।
जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी एवं मानवीय सूचना के आधार पर एक संदिग्ध की पहचान की। रविवार को पुलिस को सूचना मिली कि हत्या प्रकरण में शामिल मोहम्मद अरसद दो अन्य व्यक्तियों के साथ मोटरसाइकिल से गुजरने वाला है। सूचना के आधार पर राजनगर थाना क्षेत्र के रामपट्टी, बलाट रोड पर वाहन जांच अभियान चलाया गया।
इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रही एक मोटरसाइकिल को रोकने का प्रयास किया गया। आरोप है कि बाइक सवार मोहम्मद अरसद ने पुलिस दल पर देशी पिस्तौल से गोली चला दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने आत्मरक्षा में गोली चलाई, जो उसके पैर में लगी। वह मौके पर गिर पड़ा, जबकि उसके साथ मौजूद दो अन्य व्यक्ति भागने में सफल रहे।
पुलिस ने घायल आरोपी को कब्जे में लेकर उसके पास से एक लोडेड देशी पिस्तौल बरामद की। इस संबंध में राजनगर थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है।
पुलिस अधीक्षक के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ जिले के विभिन्न थानों में लूट, छिनतई और चोरी के कई मामले दर्ज हैं। फिलहाल उससे पूछताछ की जा रही है और फरार साथियों की तलाश जारी है।

