असम /रांची : गांडेय विधायक कल्पना सोरेन ने असम विधानसभा चुनाव को लेकर सोमवार को कई जनसभाओं को संबोधित किया और पार्टी के समर्थन में प्रचार किया। इस दौरान उन्होंने चाय बागान के श्रमिकों, महिलाओं, युवाओं और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए कई घोषणाएं कीं।
उन्होंने कहा कि यदि उनकी पार्टी की सरकार बनती है, तो चाय बागान के मजदूरों को 500 रुपये न्यूनतम दैनिक मजदूरी दी जाएगी। इसके साथ ही महिलाओं को हर महीने 2500 रुपये की आर्थिक सहायता देने का भी वादा किया गया।
इसके अलावा उन्होंने हर परिवार को आवास, बच्चों को बेहतर शिक्षा और युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की बात कही। चुनाव प्रचार के दौरान उन्होंने लोगों से समर्थन की अपील करते हुए इसे समाज के अधिकार, सम्मान और भविष्य से जुड़ा चुनाव बताया।
गौरतलब है कि झारखंड में भी महिलाओं को आर्थिक सहायता देने की योजना पहले से लागू है, जिसमें 18 से 50 वर्ष की महिलाओं को हर महीने 2500 रुपये दिए जाते हैं। यह योजना राज्य में चुनाव के दौरान एक अहम मुद्दा रही थी।

