LATEHAR
लातेहार जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) की पलामू प्रमंडलीय टीम ने गारू प्रखंड सह अंचल कार्यालय में तैनात अमीन मुनिदेव कुमार को सात हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।
बताया गया है कि एक शिकायतकर्ता ने एसीबी से शिकायत की थी कि जमीन संबंधी कार्य को आगे बढ़ाने के बदले संबंधित अमीन द्वारा सात हजार रुपये की मांग की जा रही है। शिकायत का सत्यापन करने के बाद एसीबी टीम ने योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाया।
निर्धारित योजना के अनुसार जैसे ही शिकायतकर्ता ने आरोपी को तय राशि सौंपी, पहले से मौके पर मौजूद टीम ने उसे पकड़ लिया। कार्रवाई के दौरान कार्यालय परिसर में कुछ समय के लिए हलचल की स्थिति बनी रही। इसके बाद एसीबी की टीम आरोपी को अपने साथ ले गई और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी।
सूत्रों के अनुसार, आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निरोधक अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया जा रहा है। एसीबी अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि भ्रष्टाचार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और किसी भी स्तर पर रिश्वतखोरी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

