RANCHI
गेतलसूद डैम पर करीब 172 हेक्टेयर क्षेत्र में बन रहा वाटर फ्लोटिंग सोलर पावर प्लांट रांची के लिए एक महत्वपूर्ण और ऐतिहासिक परियोजना है। इस परियोजना को लेकर रांची सांसद संजय सेठ लगातार सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।

सांसद संजय सेठ ने परियोजना का निरीक्षण करते हुए मोटर बोट के माध्यम से डैम में लगाए जा रहे सोलर पैनलों की प्रक्रिया को नजदीक से देखा और अधिकारियों से कार्य की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने बताया कि वर्ष 2021 में उन्होंने इस परियोजना का प्रस्ताव भारत सरकार के समक्ष रखा था, जो अब लगभग पूर्ण होने की दिशा में है।

निरीक्षण के दौरान संजय सेठ ने स्थानीय मछुआरों से जुड़े मुद्दों पर भी अधिकारियों से चर्चा की। अधिकारियों ने उन्हें आश्वस्त किया कि परियोजना के निर्माण और संचालन में इस बात का पूरा ध्यान रखा जा रहा है कि स्थानीय मछुआरों को किसी भी तरह की समस्या न हो।

घने जंगलों और प्राकृतिक वातावरण के बीच विकसित हो रहा यह फ्लोटिंग सोलर पावर प्लांट रांची को स्वच्छ और सस्ती ऊर्जा उपलब्ध कराने में अहम योगदान देगा। यह परियोजना न सिर्फ पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देगी, बल्कि रांची को ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में भी एक बड़ा कदम मानी जा रही है।

