LIVE 7 TV/ RANCHI
डोरंडा कॉलेज, रांची परिसर में रविवार को “आत्मरक्षा प्रशिक्षण केंद्र” का विधिवत उद्घाटन किया गया। इस केंद्र का उद्घाटन परियोजना निदेशक, झारखंड महिला विकास समिति सह निदेशक, समाज कल्याण विभाग किरण पासी (भा.प्र.से.) एवं डोरंडा कॉलेज के प्राचार्य डॉ. राज कुमार शर्मा ने संयुक्त रूप से किया।

उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए किरण पासी ने कहा कि वर्तमान समय में छात्राओं के लिए आत्मरक्षा का प्रशिक्षण अत्यंत आवश्यक है। प्रत्येक बालिका को आत्मरक्षा के गुर सीखने चाहिए, ताकि वे आत्मनिर्भर बन सकें और किसी भी विषम परिस्थिति में स्वयं की रक्षा कर सकें। उन्होंने बताया कि झारखंड सरकार इस दिशा में लगातार प्रयास कर रही है और भविष्य में राज्य के सभी सरकारी महाविद्यालयों में किशोरियों के लिए आत्मरक्षा प्रशिक्षण केंद्र स्थापित करने की योजना पर कार्य किया जा रहा है। इसका उद्देश्य बालिकाओं को सशक्त बनाना, बाल विवाह जैसी कुरीतियों से बचाव करना और उनकी शिक्षा को प्रोत्साहित करना है।

उन्होंने जानकारी दी कि इस केंद्र के माध्यम से महाविद्यालय की छात्राओं को निःशुल्क कराटे प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। यह प्रशिक्षण शिहान रंजीत मेहता (6th डैन ब्लैक बेल्ट) के मार्गदर्शन में संचालित होगा।

इस अवसर पर डोरंडा कॉलेज के प्राचार्य डॉ. राज कुमार शर्मा ने कहा कि महाविद्यालय द्वारा संचालित सोशल आउटरीच प्रोग्राम के अंतर्गत यह पहल समाज के उत्थान की दिशा में एक सार्थक कदम है। उन्होंने कहा कि कॉलेज न केवल अपनी छात्राओं, बल्कि समाज के प्रत्येक उस व्यक्ति के साथ सहयोग के लिए तत्पर है, जो बालिकाओं को आत्मनिर्भर और सक्षम बनाने की दिशा में कार्य करना चाहता है।
गौरतलब है कि “बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ” योजना के तहत झारखंड राज्य में बालिकाओं को आत्मनिर्भर बनाने और आत्मरक्षा का प्रशिक्षण देने के उद्देश्य से इस पहल को पायलट प्रोजेक्ट के रूप में झारखंड महिला विकास समिति एवं डोरंडा कॉलेज के संयुक्त प्रयास से शुरू किया गया है। समारोह के दौरान कराटे प्रशिक्षण के लिए विशेष रूप से सुसज्जित “कराटे डोजो कक्ष” का भी उद्घाटन किया गया।

