सिमडेगा: जिले के पर्यटन को नई पहचान दिलाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत शनिवार, 11 जुलाई को उपायुक्त कंचन सिंह ऑनलाइन माध्यम से सिमडेगा ईको टूरिज्म वेबसाइट एवं प्रमोशनल वीडियो का शुभारंभ करेंगी। यह परियोजना लातेहार टूरिज्म के सहयोग और उपायुक्त के मार्गदर्शन में तैयार की गई है। वेबसाइट के माध्यम से पर्यटक सिमडेगा के प्रमुख पर्यटन स्थलों की जानकारी प्राप्त करने के साथ-साथ टूर पैकेज, होटल, वाहन और गाइड की ऑनलाइन बुकिंग भी कर सकेंगे। इसका उद्देश्य जिले की प्राकृतिक, धार्मिक एवं सांस्कृतिक धरोहर को देश-विदेश के पर्यटकों तक पहुंचाना है। प्रमोशनल वीडियो में रामरेखा धाम, केलाघाघ जलप्रपात, दनगदी जलप्रपात, भैरव बाबा पहाड़ी, सातवीं शताब्दी का सूर्य मंदिर और बसतरपुर सहित कई दर्शनीय स्थलों को आकर्षक ढंग से प्रदर्शित किया गया है। वीडियो का निर्माण कोलकाता के ट्रैवल कंटेंट क्रिएटर्स अभिब्रत भक्त और आहाना डे भक्त ने किया है। उपायुक्त कंचन सिंह ने कहा कि डिजिटल माध्यमों से पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। वहीं, लातेहार टूरिज्म के निदेशक गोविंद पाठक ने बताया कि यह पहल सिमडेगा को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।

