पुलिया के अभाव में हरेक बरसात कट जाता है ससन टोली का संपर्क,टापू बनने वाले जीवन से ग्रामीणों ने उठाई स्थायी समाधान की मांग
सिमडेगा/बानो: सिमडेगा जिले के बानो प्रखंड अंतर्गत बेडाइरगी पंचायत के बेडा इरगी ग्राम स्थित ससन टोली आज भी बुनियादी सुविधाओं के अभाव से जूझ रहा है। गांव के समीप बहने वाले गाढ़ा नाला पर पुलिया नहीं होने के कारण हर वर्ष बरसात के मौसम में ग्रामीणों का जनजीवन प्रभावित हो जाता है। ग्रामीणों का आरोप है कि कई बार मांग उठाने और जनप्रतिनिधियों को अवगत कराने के बावजूद अब तक समस्या का समाधान नहीं हो सका है।

ग्रामीणों के अनुसार, बरसात के दिनों में नाला उफान पर रहता है, जिससे स्कूली बच्चों को जान जोखिम में डालकर नाला पार करना पड़ता है। गांव के बच्चे स्थानीय विद्यालय के अलावा लगभग 11 किलोमीटर दूर स्थित जितुटोली विद्यालय भी इसी रास्ते से आते-जाते हैं। ऐसे में बारिश के दौरान बच्चों की सुरक्षा को लेकर अभिभावकों में हमेशा चिंता बनी रहती है। सिर्फ शिक्षा ही नहीं, पशुपालन भी इस समस्या से प्रभावित हो रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि बैल, बकरियों सहित अन्य मवेशियों को चरागाह तक ले जाने के लिए इसी नाले को पार करना पड़ता है। बरसात के दौरान तेज बहाव के कारण पशुओं के बह जाने का खतरा बना रहता है।

ग्रामीणों ने बताया कि नाले पर पुलिया का निर्माण होने से न केवल ससन टोली का आवागमन सुगम होगा, बल्कि यह मार्ग बांकी पंचायत को भी सीधे जोड़ने का कार्य करेगा। इससे क्षेत्र के लोग तोरपा, खूंटी और रांची जैसे प्रमुख स्थानों तक कम दूरी में पहुंच सकेंगे। ग्रामीण लॉरेंस कंडुलना ने सन्मार्ग से बताया कि इस समस्या को लेकर पूर्व में भी माध्यम से आवाज उठाई गई थी तथा जनप्रतिनिधियों को ज्ञापन भी सौंपा गया था, लेकिन एक वर्ष बीत जाने के बाद भी कोई ठोस पहल नहीं हुई है। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन एवं जनप्रतिनिधियों से शीघ्र पुलिया निर्माण कराने की मांग की है, ताकि बरसात के दिनों में होने वाली परेशानियों से स्थायी राहत मिल सके।

