नयी दिल्ली 05 अगस्त ( लाइव 7) बंगलादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना ने स्वदेश लौटने का इरादा जाहिर करते हुए कहा है कि वह इसके लिए कोई भी कीमत चुकाने को तैयार हैं। सुश्री हसीना ने बुधवार को यहां विदेशी मीडिया के संवाददाताओं को वर्जुअल माध्यम से संबोधित करते हुए कहा कि वह स्वदेश लौटेंगी, चाहे उन्हें वहां जेल में डाल दिया जाये या मौत के घाट उतार जाये। सुश्री हसीना उनकी सरकार के खिलाफ बंगलादेश में 2024 में हुए हिंसक आंदोलन के बाद से निर्वासन में भारत में रह रही हैं। उन्होंने सार्वजनिक रूप से पहली बार मीडिया को संबोधित करते हुए कहा कि वह इस वर्ष दिसंबर महीने में बंगलादेश लौटना चाहती हैं, जो उनके देश का ‘विजय का महीना’ है लेकिन तिथि की घोषणा सही समय आने पर करेंगी।

