KODERMA: कोडरमा जिले के ढाब थाना क्षेत्र में तीन दिनों से लापता नावाडीह गांव निवासी 55 वर्षीय किसान किशोर यादव का शव जंगल में एक पेड़ से लटका मिला। मृतक के परिजनों ने बताया कि किशोर यादव बीते 5 अप्रैल को अपने मवेशियों को चराने के लिए जंगल की ओर निकले थे, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटे। काफी खोजबीन के बाद भी जब उनका कुछ पता नहीं चला, तो 6 अप्रैल को परिजनों ने ढाब थाना में उनकी गुमशुदगी की लिखित रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
बुधवार को कुछ ग्रामीण जब जंगल की ओर लकड़ी चुनने गए, तब उनकी नज़र पेड़ से लटके शव पर पड़ी। सूचना मिलते ही ढाब थाना प्रभारी बमबम साह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शव को नीचे उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल कोडरमा भेज दिया।
परिजनों और ग्रामीणों से मिली प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, किशोर यादव पिछले कुछ दिनों से गंभीर मानसिक तनाव से जूझ रहे थे। इसी आधार पर पुलिस इसे आत्महत्या का मामला मानकर जांच को आगे बढ़ा रही है। थाना प्रभारी ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सटीक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

