रामगढ़ फैक्ट्री ब्लास्ट: मृत मजदूरों के परिजनों को 21 लाख मुआवजा, सहमति के बाद खत्म हुआ विरोध

Shashi Bhushan Kumar

रामगढ़ के हेसला स्थित एक इस्पात फैक्ट्री में सोमवार तड़के हुए भीषण विस्फोट में दो मजदूरों की मौत हो गई, जबकि सात अन्य गंभीर रूप से झुलस गए। घायलों में दो की हालत नाजुक बनी हुई है। सभी घायलों को तुरंत इलाज के लिए रामगढ़ के रांची रोड स्थित एक निजी अस्पताल और रांची के अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।

घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने सोमवार सुबह करीब छह बजे से फैक्ट्री गेट के बाहर प्रदर्शन शुरू कर दिया। मुआवजे और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर लोगों ने प्रबंधन के खिलाफ नाराजगी जताई, जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया।

करीब 16 घंटे तक चले विरोध प्रदर्शन के बाद रात करीब 10 बजे प्रशासन, फैक्ट्री प्रबंधन और ग्रामीणों के बीच त्रिपक्षीय वार्ता हुई। इस बैठक में कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर सहमति बनी।

समझौते के अनुसार, मृत मजदूरों के आश्रितों को 21-21 लाख रुपये का मुआवजा दिया जाएगा। साथ ही घायलों के बेहतर इलाज की पूरी जिम्मेदारी फैक्ट्री प्रबंधन ने ली है। यह भी तय किया गया कि यदि कोई मजदूर इस हादसे में स्थायी रूप से दिव्यांग होता है, तो उसके एक आश्रित को फैक्ट्री में नौकरी दी जाएगी।

प्रबंधन की ओर से इन सभी बिंदुओं पर लिखित आश्वासन दिया गया है। समझौते के बाद ग्रामीणों ने अपना प्रदर्शन समाप्त कर दिया, जिसके बाद स्थिति सामान्य हो गई।

Share This Article
शशी भूषण कुमार | पत्रकार (Journalist)- शशी भूषण कुमार 12+ वर्षों के अनुभव वाले पत्रकार हैं। प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया में कार्य करते हुए वर्तमान में Live 7 TV.com में सीनियर प्रोड्यूसर के रूप में संपादकीय नेतृत्व और न्यूज़ प्लानिंग की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। वे पिछले तीन वर्षों से झारखंड स्टेट ओपन यूनिवर्सिटी में पत्रकारिता विभाग के गेस्ट फैकल्टी भी हैं। ग्रामीण पत्रकारिता पर शोध कार्य से जुड़े रहते हुए वे जमीनी और आदिवासी क्षेत्रों की आवाज़ को मुख्यधारा तक पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
Leave a Comment