लगभग दो दशकों से हॉकी सिमडेगा को सवारते आने के लिए प्रयासरत रहे हैं मनोज
सिमडेगा: हॉकी इंडिया के 8वें वार्षिक पुरस्कार समारोह 2025 में सिमडेगा के मनोज कोनबेगी को “जमन लाल शर्मा अवार्ड” से सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन्हें हॉकी के जमीनी स्तर पर विकास और खिलाड़ियों को राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंचाने में योगदान के लिए दिया गया। नई दिल्ली में आयोजित समारोह में केंद्रीय मंत्री मनसुख मंडविया और खेल राज्य मंत्री रक्षा निखिल खडसे ने उन्हें पांच लाख रुपये की पुरस्कार राशि के साथ सम्मानित किया।

कार्यक्रम में हॉकी इंडिया के अध्यक्ष दिलीप तिर्की, महासचिव भोलानाथ सिंह सहित कई खिलाड़ी व अधिकारी उपस्थित रहे। एक प्रस्तुति के माध्यम से मनोज कोनबेगी के कार्यों को दर्शाया गया, जिसमें सीमित संसाधनों के बावजूद सिमडेगा को “हॉकी की नर्सरी” बनाने के उनके प्रयासों को सराहा गया।

वहीं, वर्ष 2025 में राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए हॉकी झारखंड को भी 10 लाख रुपये का पुरस्कार मिला, जिसे महासचिव विजय शंकर सिंह ने प्राप्त किया।
करीब दो दशकों से सक्रिय मनोज कोनबेगी ने ग्रामीण स्तर पर प्रतिभाओं को निखारकर कई अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी तैयार किए हैं। उन्होंने पुरस्कार राशि को खिलाड़ियों के विकास में लगाने की बात कही। इस उपलब्धि पर जिले में खुशी का माहौल है।


