सभी 5 सीटों पर एनडीए की जीत पर विजय सिन्हा ने कहा- राज्यसभा चुनाव में एनडीए की एकजुटता रंग लाई

Shashi Bhushan Kumar

पटना, LIVE 7 TV-बिहार की राजधानी पटना में राज्यसभा चुनाव के नतीजों के बाद उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने एनडीए की सभी पांच सीटों पर जीत को जनता की भावना और गठबंधन की एकजुटता का नतीजा बताया।

आईएएनएस से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा, “यह जीत बिहार की जनता की भावनाओं को दर्शाती है। यह एनडीए की एकजुटता का परिणाम है।” उन्होंने आगे कहा कि डबल इंजन सरकार की सोच, विकास, सुशासन और समृद्धि को इस जीत से और मजबूती मिलेगी। उनका कहना था कि इससे “विकसित बिहार” के लक्ष्य को आगे बढ़ाने में बल मिलेगा।

उपमुख्यमंत्री ने जीत दर्ज करने वाले सभी उम्मीदवारों का आभार जताते हुए कहा कि जो पांचों नेता राज्यसभा के लिए चुने गए हैं, वे बिहार के हितों को आगे बढ़ाने का काम करेंगे।

वहीं, विपक्ष पर निशाना साधते हुए विजय सिन्हा ने कहा कि यह परिणाम विपक्षी दलों की आंतरिक कमजोरी को उजागर करता है।

उन्होंने कहा कि यह उनकी अंदरूनी समस्याओं और संगठनात्मक कमजोरियों को दिखाता है। उनके अपने विधायक ही उनके नेतृत्व पर भरोसा नहीं कर पा रहे हैं।

उन्होंने राजद और कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि इन पार्टियों को अपने संगठन पर नियंत्रण नहीं है। साथ ही उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि ये दल अपने कार्यकर्ताओं से उम्मीद तो करते हैं, लेकिन विधायकों का सम्मान नहीं करते।

उपमुख्यमंत्री विजय सिन्हा ने विपक्ष को सलाह देते हुए कहा कि उन्हें आत्ममंथन करना चाहिए और अपनी कमियों की समीक्षा करनी चाहिए।

बता दें कि बिहार में राज्यसभा की सभी पांच सीटों पर एनडीए ने जीत दर्ज की है। इनमें से दो सीटें जदयू को मिली हैं, जबकि दो सीटों पर भाजपा के उम्मीदवार विजयी हुए हैं। इसके अलावा एक सीट आरएलएम के खाते में गई है। इस जीत को एनडीए के लिए बड़ी राजनीतिक सफलता माना जा रहा है।

Share This Article
शशी भूषण कुमार | पत्रकार (Journalist)- शशी भूषण कुमार 12+ वर्षों के अनुभव वाले पत्रकार हैं। प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया में कार्य करते हुए वर्तमान में Live 7 TV.com में सीनियर प्रोड्यूसर के रूप में संपादकीय नेतृत्व और न्यूज़ प्लानिंग की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। वे पिछले तीन वर्षों से झारखंड स्टेट ओपन यूनिवर्सिटी में पत्रकारिता विभाग के गेस्ट फैकल्टी भी हैं। ग्रामीण पत्रकारिता पर शोध कार्य से जुड़े रहते हुए वे जमीनी और आदिवासी क्षेत्रों की आवाज़ को मुख्यधारा तक पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
Leave a Comment