रांची फायरिंग केस में पुलिस का एक्शन, डीजीपी ने जल्द गिरफ्तारी के दिए निर्देश

Shashi Bhushan Kumar

राजधानी रांची के एयरपोर्ट थाना क्षेत्र अंतर्गत कुटियातू स्थित टीटॉस रेस्टोरेंट में हाल ही में हुई फायरिंग की घटना को लेकर झारखंड पुलिस मुख्यालय में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता झारखंड की डीजीपी तदाशा मिश्र ने की, जिसमें मामले की जांच की प्रगति पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में डीजीपी ने घटना को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि फायरिंग में शामिल अपराधियों की पहचान कर उनकी जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि तकनीकी साक्ष्य, सीसीटीवी फुटेज और अन्य उपलब्ध सूचनाओं के आधार पर विशेष टीम बनाकर लगातार छापेमारी अभियान चलाया जाए, ताकि आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार किया जा सके।

गौरतलब है कि पिछले दिनों कुटियातू स्थित टीटॉस रेस्टोरेंट में अपराधियों ने फायरिंग की थी, जिससे इलाके में कुछ समय के लिए दहशत का माहौल बन गया था। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी थी। फिलहाल पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और संदिग्धों की पहचान करने में जुटी है।

झारखंड पुलिस ने आम नागरिकों को आश्वस्त किया है कि राज्य में किसी भी आपराधिक घटना में शामिल अपराधियों को जल्द गिरफ्तार कर उनके खिलाफ विधि सम्मत कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में अपर पुलिस महानिदेशक (अपराध अनुसंधान विभाग) मनोज कौशिक, रांची के वरीय पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन, एटीएस के पुलिस अधीक्षक ऋषभ कुमार झा, सिटी एसपी पारस राणा तथा एयरपोर्ट थाना प्रभारी सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।

TAGGED:
Share This Article
शशी भूषण कुमार | पत्रकार (Journalist)- शशी भूषण कुमार 12+ वर्षों के अनुभव वाले पत्रकार हैं। प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया में कार्य करते हुए वर्तमान में Live 7 TV.com में सीनियर प्रोड्यूसर के रूप में संपादकीय नेतृत्व और न्यूज़ प्लानिंग की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। वे पिछले तीन वर्षों से झारखंड स्टेट ओपन यूनिवर्सिटी में पत्रकारिता विभाग के गेस्ट फैकल्टी भी हैं। ग्रामीण पत्रकारिता पर शोध कार्य से जुड़े रहते हुए वे जमीनी और आदिवासी क्षेत्रों की आवाज़ को मुख्यधारा तक पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
Leave a Comment