श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड ने श्रद्धालुओं से मांगे सुझाव, पुजारियों के लिए स्किल बढ़ाने का प्रोग्राम भी होगा शुरू

Shashi Bhushan Kumar

कटरा। श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड ने तीर्थयात्रा को अधिक सुव्यवस्थित और सुविधाजनक बनाने के उद्देश्य से देश-विदेश के श्रद्धालुओं से सुझाव आमंत्रित किए हैं। यह पहल बोर्ड के अध्यक्ष (उपराज्यपाल) के मार्गदर्शन में शुरू की गई है।

बोर्ड ने भक्तों से अनुरोध किया है कि वे यात्रा से जुड़ी सुविधाओं—जैसे आधारभूत संरचना, स्वच्छता, आवास, सुरक्षा, परिवहन, भीड़ प्रबंधन और अन्य आवश्यक सेवाओं—पर अपने सुझाव साझा करें। इन सुझावों के आधार पर तीर्थयात्रा के अनुभव को अधिक सरल, सुरक्षित और आध्यात्मिक रूप से संतोषजनक बनाने की दिशा में कदम उठाए जाएंगे।

श्रद्धालुओं से यह भी कहा गया है कि वे ऐसे उपाय सुझाएं, जिनसे पवित्र धाम में आने वाले यात्रियों की संख्या में वृद्धि हो सके। सुझाव आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से भेजे जा सकते हैं, ताकि उनका व्यवस्थित मूल्यांकन कर समयबद्ध तरीके से लागू किया जा सके। इसके अतिरिक्त, यात्रा मार्ग और कटरा में निर्धारित स्थानों पर रखे गए सुझाव पेटियों के माध्यम से भी विचार साझा किए जा सकते हैं।

बोर्ड ने श्रद्धालुओं से इस पहल में सक्रिय भागीदारी की अपील की है, ताकि हर वर्ष आने वाले लाखों भक्तों के लिए यात्रा प्रबंधन और संचालन को और सुदृढ़ किया जा सके।

इसी क्रम में पारंपरिक धार्मिक विधियों को सशक्त बनाने के लिए बोर्ड क्षेत्र के विभिन्न मंदिरों के पुजारियों हेतु एक निःशुल्क प्रशिक्षण कार्यक्रम भी आयोजित करेगा। यह कार्यक्रम फरवरी के अंतिम सप्ताह से शुरू होगा। इसका उद्देश्य पारंपरिक अनुष्ठानों और सांस्कृतिक मूल्यों के संरक्षण के साथ-साथ धार्मिक कर्मकांडों को विधिवत संपन्न कराने में पुजारियों की दक्षता बढ़ाना है।

Share This Article
शशी भूषण कुमार | पत्रकार (Journalist)- शशी भूषण कुमार 12+ वर्षों के अनुभव वाले पत्रकार हैं। प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया में कार्य करते हुए वर्तमान में Live 7 TV.com में सीनियर प्रोड्यूसर के रूप में संपादकीय नेतृत्व और न्यूज़ प्लानिंग की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। वे पिछले तीन वर्षों से झारखंड स्टेट ओपन यूनिवर्सिटी में पत्रकारिता विभाग के गेस्ट फैकल्टी भी हैं। ग्रामीण पत्रकारिता पर शोध कार्य से जुड़े रहते हुए वे जमीनी और आदिवासी क्षेत्रों की आवाज़ को मुख्यधारा तक पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
Leave a Comment