RANCHI
झारखंड में 23 फरवरी को प्रस्तावित नगर निकाय चुनाव से पहले राज्य सरकार ने बड़े पैमाने पर प्रशासनिक फेरबदल किया है। कार्मिक, प्रशासनिक सुधार एवं राजभाषा विभाग की ओर से जारी अधिसूचना में कई वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों के तबादले और अतिरिक्त प्रभार की जानकारी दी गई है।
जारी आदेश के अनुसार, पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के अपर मुख्य सचिव मस्त राम मीणा को राजस्व परिषद का सदस्य नियुक्त किया गया है। वहीं, आपदा प्रबंधन विभाग के सचिव राजेश कुमार शर्मा को खाद्य, सार्वजनिक वितरण एवं उपभोक्ता मामले विभाग का सचिव बनाया गया है।
ग्रामीण विकास विभाग के सचिव के. श्रीनिवासन को ऊर्जा विभाग का सचिव नियुक्त किया गया है। उन्हें अगले आदेश तक झारखंड ऊर्जा विकास निगम लिमिटेड के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक तथा झारखंड बिजली वितरण निगम लिमिटेड के प्रबंध निदेशक का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है।
पर्यटन विभाग के सचिव मनोज कुमार को ग्रामीण विकास विभाग का सचिव बनाया गया है। साथ ही उन्हें ग्रामीण कार्य एवं पंचायती राज विभाग का अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है। परिवहन विभाग की सचिव विप्रा भाल को आपदा प्रबंधन विभाग का सचिव नियुक्त किया गया है।
एक अन्य आदेश में महिला, बाल विकास एवं सामाजिक सुरक्षा विभाग के सचिव मनोज कुमार को दक्षिणी छोटानागपुर प्रमंडल, रांची का प्रमंडलीय आयुक्त नियुक्त किया गया है। उन्हें उत्तरी छोटानागपुर प्रमंडल, हजारीबाग का अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है।
योजना एवं विकास विभाग के सचिव मुकेश कुमार को पर्यटन, कला-संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। वहीं, स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग के सचिव उमा शंकर सिंह को महिला, बाल विकास एवं सामाजिक सुरक्षा विभाग का अतिरिक्त दायित्व दिया गया है।
इसके अलावा, राजस्व परिषद के अपर सदस्य राजीव रंजन को परिवहन विभाग का सचिव बनाया गया है। वित्त विभाग में सचिव (व्यय) अबु इमरान को पेयजल एवं स्वच्छता विभाग का सचिव नियुक्त किया गया है।
सरकार की ओर से जारी इस व्यापक फेरबदल को चुनाव पूर्व प्रशासनिक पुनर्संरचना के रूप में देखा जा रहा है।

