चतरा में महिला की गोली मारकर हत्या, पहाड़ी के पास मिला शव

Shashi Bhushan Kumar

झारखंड के चतरा जिले में एक महिला की गोली मारकर हत्या कर दी गई। महिला का शव मंगलवार को हंटरगंज थाना क्षेत्र के कौलेश्वरी पहाड़ के पास हड़दवा इलाके से बरामद किया गया। मृतका की पहचान गायघाट निवासी 25 वर्षीय पूनम देवी के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, घटनास्थल पर मिले सबूतों से यह प्रतीत होता है कि हत्या पहले से योजना बनाकर की गई थी। सूचना मिलते ही हंटरगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।

स्थानीय लोगों ने बताया कि पूनम देवी पहले से विवाहित थी और उसके दो छोटे बच्चे हैं। कुछ समय पहले उसका संबंध योगेंद्र भारती नामक युवक से बना, जिसके बाद उसने दूसरा विवाह कर लिया था। बताया जा रहा है कि इस वजह से उसके पहले पति और ससुराल पक्ष के लोग नाराज थे।

ग्रामीणों के अनुसार, पूनम की पहली शादी हंटरगंज थाना क्षेत्र के दंतार गांव में हुई थी। प्रेम संबंध के चलते दूसरी शादी करने के बाद दोनों परिवारों के बीच तनाव बना हुआ था, जिसे हत्या की संभावित वजह माना जा रहा है।

पुलिस फिलहाल इस मामले की जांच प्रेम प्रसंग और पारिवारिक विवाद के एंगल से कर रही है, हालांकि अन्य पहलुओं को भी ध्यान में रखा जा रहा है। हंटरगंज थाना प्रभारी ने बताया कि संदिग्धों की पहचान की जा रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। पुलिस ने जल्द ही मामले का खुलासा करने का भरोसा दिलाया है।

Share This Article
Digital Head,Live-7, Committed to impactful journalism, Shashi Bhushan Kumar continues to bring meaningful narratives to the public with diligence and passion. Active Journalist since 2012.
Leave a Comment