गम में बदली शादी की खुशियां, पेड़ से टकराई बाराती गाड़ी,1 की मौत 4 गंभीर

Shashi Bhushan Kumar

चतरा जिले में एक बार फिर बेकाबू रफ्तार के कहर के बाद शादी की खुशियां मातम में बदल गई है। जिले के इटखोरी थाना क्षेत्र अंतर्गत चतरा–इटखोरी मुख्यपथ पर अहले सुबह हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक बाराती की मौत हो गई, वहीँ चार अन्य बाराती गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। प्रतापपुर से बारात लेकर लौट रही एक मारुती अर्टिगा कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। इस हादसे में कार में सवार एक बाराती की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। जानकारी के अनुसार इटखोरी थाना क्षेत्र के सिरमतपुर गांव से बारात प्रतापपुर गई थी। विवाह समारोह के बाद सुबह सभी लोग वापस लौट रहे थे। इसी दौरान पितिज के पास चालक का संतुलन बिगड़ गया और वाहन सीधे पेड़ से टकरा गई। कार में कुल आठ लोग सवार थे, जिनमें से चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में मनोज राम (40 वर्ष) की मौत हुई है। वहीं गंभीर रूप से घायल मदेश कुमार, अभय राम, राहुल कुमार और आर्यन कुमार को इटखोरी स्वास्थ्य उपकेंद्र में प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया है। जहाँ सभी घायलों का ईलाज जारी है। घटना की सूचना पर मौके पर पहुँची इटखोरी थाना पुलिस नें दुर्घटनाग्रस्त वाहन को कब्जे में लेकर जांच में जुट गई है। हादसे के बाद गांव में मातम का माहौल है।

Share This Article
Digital Head,Live-7, Committed to impactful journalism, Shashi Bhushan Kumar continues to bring meaningful narratives to the public with diligence and passion. Active Journalist since 2012.
Leave a Comment