रांची के प्रतिष्ठित बिल्डर अनुराग सरावगी की छठी मंजिल से गिरकर मौत, पुलिस जांच में जुटी

Shashi Bhushan Kumar

राजधानी के जाने-माने व्यवसायी और रियल एस्टेट कारोबारी अनुराग सरावगी की गुरुवार देर रात संदिग्ध परिस्थितियों में ऊंचाई से गिरने के कारण मृत्यु हो गई। यह घटना मेन रोड स्थित ब्लेयर अपार्टमेंट में हुई, जहां वे अपने परिवार के साथ रहते थे। हादसे के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और शहर के व्यापारिक समुदाय में शोक का माहौल है।

जानकारी के मुताबिक, करीब 11 बजे अपार्टमेंट की छठी मंजिल से गिरने के बाद उन्हें गंभीर चोटें आईं और घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई। तेज आवाज सुनकर सुरक्षा गार्ड और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।

बताया जा रहा है कि उस समय अनुराग घर पर अकेले थे, जबकि उनकी पत्नी और बच्चे तमिलनाडु गए हुए हैं। कुछ पड़ोसियों ने पुलिस को बताया कि घटना से पहले वे फोन पर किसी से ऊंची आवाज में बात कर रहे थे। सूचना मिलते ही हिंदपीढ़ी थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। बाद में सिटी एसपी और कोतवाली डीएसपी सहित वरिष्ठ अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया है और एफएसएल टीम को बुलाकर मौके से साक्ष्य जुटाए गए हैं। गिरने के कारण उनका मोबाइल फोन भी क्षतिग्रस्त हो गया, जिसे पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है।

उसी अपार्टमेंट के दूसरे फ्लैट में उनके माता-पिता और एक घरेलू सहायिका रहती हैं। सहायिका के अनुसार, अनुराग रात में सिगरेट और लाइटर लेकर छठी मंजिल पर गए थे, जिसके कुछ देर बाद यह घटना हुई।

अनुराग सरावगी जोखीराम-दुर्गादत्त समूह के मैनेजिंग पार्टनर थे। उनकी कंपनी ने रांची में जेडी हाई स्ट्रीट मॉल और जेडी सिनेमाज जैसी प्रमुख परियोजनाएं विकसित की हैं। इसके अलावा गोवा में जेडी विला सहित कई प्रीमियम संपत्तियां भी उनके समूह के नाम पर हैं।

फिलहाल पुलिस घटना के कारणों की जांच कर रही है। अभी तक किसी सुसाइड नोट की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस परिवार के सदस्यों, कर्मचारियों और परिचितों से पूछताछ कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि क्या वे किसी आर्थिक, व्यावसायिक या पारिवारिक दबाव में थे। साथ ही अपार्टमेंट के सीसीटीवी फुटेज की भी जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।

Share This Article
Digital Head,Live-7, Committed to impactful journalism, Shashi Bhushan Kumar continues to bring meaningful narratives to the public with diligence and passion. Active Journalist since 2012.
Leave a Comment