रांची रेलवे स्टेशन पर 08 किलो गांजा जब्त, दो तस्कर पकड़े गए, अनुमानित मूल्य ₹4 लाख

Shashi Bhushan Kumar

रांची: रांची रेल मंडल में मंडल सुरक्षा आयुक्त पवन कुमार के निर्देश पर रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) द्वारा लगातार जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 29 जनवरी को रांची रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ की टीम द्वारा नियमित जांच की जा रही थी।

शाम के समय प्लेटफॉर्म नंबर-01 स्थित फूड प्लाजा के सामने दो संदिग्ध युवक दो पिठ्ठू बैग के साथ बैठे दिखाई दिए। शक होने पर आरपीएफ ने उनसे पूछताछ की। उन्होंने अपनी पहचान मोनू कुमार (24), निवासी गाजियाबाद (उत्तर प्रदेश) और राजकुमार (24), निवासी रोहतास (बिहार) के रूप में बताई। पूछताछ के दौरान दोनों ने अपने बैग में गांजा होने की बात स्वीकार की।

सूचना मिलने पर सहायक सुरक्षा आयुक्त, आरपीएफ रांची अशोक कुमार सिंह मौके पर पहुंचे और उनकी देखरेख में बैग की तलाशी ली गई। जांच में मोनू कुमार के नीले बैग से चार पैकेट और राजकुमार के काले-नीले बैग से चार पैकेट गांजा बरामद हुआ। डीडी किट से जांच में यह गांजा होने की पुष्टि हुई। मौके पर वजन करने पर कुल 08 किलोग्राम गांजा पाया गया—प्रत्येक आरोपी के पास 04-04 किलोग्राम। इसके अलावा एक मोबाइल फोन और एक सामान्य रेलवे टिकट भी जब्त किया गया।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने यह गांजा ओडिशा के फूलमणि क्षेत्र से प्राप्त किया था और संबलपुर होते हुए ट्रेन से रांची पहुंचे थे। इसे सासाराम में कृष्णा कुमार नामक व्यक्ति को सौंपना था।

कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद दोनों आरोपियों और जब्त सामग्री को आगे की कार्रवाई के लिए जीआरपी रांची को सौंप दिया गया।

इस कार्रवाई में सराहनीय भूमिका निभाने वालों में निरीक्षक शिशुपाल, उपनिरीक्षक सूरज पांडेय, उपनिरीक्षक कमल दास, सहायक उपनिरीक्षक योगेंद्र कुमार, राजकुमार सिंह (फ्लाइंग टीम), एम. अंसारी, एस.पी. रॉय और मो. ए. आलम शामिल रहे।

Share This Article
Digital Head,Live-7, Committed to impactful journalism, Shashi Bhushan Kumar continues to bring meaningful narratives to the public with diligence and passion. Active Journalist since 2012.
Leave a Comment