दरभंगा
बिहार के दरभंगा जिले में एक वाहन चालक के साथ अभद्र भाषा और गाली-गलौज करना बेंता थाना प्रभारी को महंगा पड़ गया। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर बेंता थाना प्रभारी हरेंद्र कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
यह मामला बेंता थाना क्षेत्र का है, जहां नो एंट्री जोन में वाहन प्रवेश को लेकर थाना प्रभारी का एक वीडियो बुधवार को सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो में थाना प्रभारी वाहन चालक के साथ बदतमीजी करते और अशोभनीय भाषा का प्रयोग करते नजर आ रहे हैं।
वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि थाना प्रभारी वाहन चालक को गाड़ी से बाहर उतरने के लिए कहते हुए खींचते नजर आते हैं। इसके बाद उन्होंने मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों को वाहन को थाना ले जाने का निर्देश भी दिया। बताया जा रहा है कि जिस वाहन को रोका गया था, उसमें एक महिला डॉक्टर भी सवार थीं।
महिला डॉक्टर द्वारा पीछे से बनाए गए वीडियो में उन्हें यह कहते हुए भी सुना जा सकता है कि यदि वाहन नो एंट्री में चला गया है तो वे जुर्माना देने के लिए तैयार हैं, लेकिन पुलिस अधिकारी द्वारा गाली-गलौज और अभद्र व्यवहार स्वीकार्य नहीं है। इसके बावजूद थाना प्रभारी का व्यवहार नहीं बदला।
दरभंगा पुलिस की ओर से जारी आधिकारिक बयान में कहा गया है कि सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में पुलिस अवर निरीक्षक हरेंद्र कुमार, थानाध्यक्ष बेंता, अपने कर्तव्य के दौरान वाहन चालक से बातचीत करते समय गाली-गलौज और असभ्य भाषा का प्रयोग करते पाए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, यह आचरण कर्तव्य के प्रति घोर लापरवाही, मनमानेपन और अनुशासनहीनता को दर्शाता है। इसी आधार पर थानाध्यक्ष हरेंद्र कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित करते हुए निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय पुलिस केंद्र, दरभंगा निर्धारित किया गया है।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आम जनता के साथ दुर्व्यवहार किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और इस तरह के मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

