गणतंत्र दिवस पर झारखंड के 12 पुलिसकर्मी राष्ट्रपति और पुलिस पदक से सम्मानित

Shashi Bhushan Kumar

रांची
गणतंत्र दिवस 2026 के अवसर पर केंद्रीय गृह मंत्रालय द्वारा झारखंड के 12 पुलिस अधिकारियों और कर्मियों को उनकी उत्कृष्ट सेवाओं के लिए राष्ट्रपति पुलिस पदक एवं पुलिस पदक से सम्मानित किया गया है। इस संबंध में गृह मंत्रालय ने रविवार को अधिसूचना जारी की।

सम्मानित पुलिसकर्मियों ने अपने कार्यक्षेत्र में कर्तव्यनिष्ठा, साहस और पेशेवर दक्षता का परिचय देते हुए राज्य में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और जनता की सुरक्षा में अहम भूमिका निभाई है।

अधिसूचना के अनुसार, पुलिस उपाधीक्षक सुधीर कुमार को विशिष्ट सेवा के लिए राष्ट्रपति पुलिस पदक से नवाजा गया है। अपने लंबे सेवाकाल में उन्होंने ईमानदारी, अनुशासन और नेतृत्व क्षमता के साथ कई चुनौतीपूर्ण जिम्मेदारियों का सफलतापूर्वक निर्वहन किया है, जिसे विभागीय स्तर पर सराहना मिली है।

इसके अलावा सराहनीय सेवा के लिए झारखंड पुलिस के 11 अधिकारियों और कर्मियों को पुलिस पदक प्रदान किया गया है। इनमें पुलिस महानिरीक्षक अनूप बिरथरे और पुलिस महानिरीक्षक पटेल मयूर कनैयालाल शामिल हैं, जिन्होंने बेहतर पुलिसिंग और प्रशासनिक दक्षता के जरिए महत्वपूर्ण योगदान दिया है। वहीं डीएसपी संजय कुमार को भी सराहनीय सेवा के लिए सम्मानित किया गया है।

जिन अन्य पुलिसकर्मियों को यह सम्मान मिला है, उनमें हेड कांस्टेबल कृष्णा कुमार क्षेत्री, अरुण कुमार ओझा, मार्कस सुनवार, जयदेव प्रधान, जेनेट मार्गरेट लकड़ा, कुमुदिनी कुजूर, सुफल ओरिया और मो. वसीम अख्तर शामिल हैं। इन सभी ने जमीनी स्तर पर कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और जनसुरक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दिया है।

राज्य सरकार और पुलिस विभाग ने इसे पूरे झारखंड पुलिस के लिए गर्व का विषय बताया है।

Share This Article
Live-7 TV
Leave a Comment