PALAMU
झारखंड के पलामू जिले में गुरुवार सुबह बेखौफ अपराधियों ने दिनदहाड़े गोलीबारी कर इलाके में सनसनी फैला दी। मेदिनीनगर टाउन थाना क्षेत्र में हुई इस घटना में पंचायत समिति के पूर्व सदस्य नवीन प्रसाद और स्थानीय दुकानदार अजीत कुमार गुप्ता गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को बेहतर इलाज के लिए रांची स्थित रिम्स रेफर किया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना सुबह लगभग 9 बजे कांदू मोहल्ला के गैस गोदाम रोड पर हुई। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि नवीन प्रसाद अपने क्षेत्र में कंबल वितरण से जुड़े कार्य को लेकर लोगों से बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान अचानक मौके पर पहुंचे अपराधियों ने उन पर निशाना साधते हुए फायरिंग शुरू कर दी।
हमले से बचने के प्रयास में नवीन प्रसाद पास की एक दुकान में घुस गए, लेकिन हमलावरों ने दुकान के अंदर भी गोलीबारी जारी रखी। इस दौरान दुकान संचालक अजीत कुमार गुप्ता के हाथ में गोली लग गई, जबकि नवीन प्रसाद के सीने में गोली लगी, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद स्थानीय लोगों की सहायता से दोनों घायलों को तत्काल मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने दोनों की स्थिति को देखते हुए उन्हें रिम्स, रांची भेज दिया। चिकित्सकों के अनुसार अजीत कुमार गुप्ता की हालत स्थिर है, जबकि नवीन प्रसाद की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है।
सूचना मिलते ही टाउन थाना प्रभारी ज्योतिलाल रजवार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल की जांच की। पुलिस ने मौके से दो खोखा कारतूस बरामद किए हैं। बताया गया है कि नवीन प्रसाद पूर्व में पंचायत समिति सदस्य रह चुके हैं और नगर निगम की निवर्तमान पार्षद सुषमा आहूजा के पति हैं।
डीएसपी राजीव रंजन ने बताया कि गोलीबारी की इस घटना में दो लोगों के घायल होने की पुष्टि हुई है और पूरे मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है। वहीं, टीओपी-2 प्रभारी राकेश कुमार सिंह ने कहा कि प्रारंभिक जांच में मामला आपसी विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है, हालांकि अन्य संभावनाओं को भी नजरअंदाज नहीं किया जा रहा है।
पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी तेज कर दी है और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। घटना के बाद अस्पताल में लोगों की भीड़ जुट गई और इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है।

