प्रदेश अध्यक्ष एवम नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी सहित 10 नेता बने प्रस्तावक
RANCHI
भारतीय जनता पार्टी के संगठन पर्व के अंतिम चरण में प्रदेश अध्यक्ष एवं राष्ट्रीय परिषद के सदस्यों के चुनाव को लेकर सोमवार को प्रदेश कार्यालय में गहमागहमी बनी रही। केंद्रीय नेतृत्व के निर्देश पर रांची पहुंचे केंद्रीय मंत्री एवं प्रदेश चुनाव अधिकारी जुएल उरांव की देखरेख में नामांकन प्रक्रिया संपन्न हुई।

सुबह 11 बजे जुएल उरांव प्रदेश कार्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने प्रदेश अध्यक्ष एवं नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह, प्रदेश चुनाव अधिकारी डॉ. प्रदीप वर्मा तथा सह चुनाव अधिकारी गणेश मिश्र और सुनीता सिंह से चर्चा की। निर्धारित समयानुसार अपराह्न 12 बजे से 2 बजे तक नामांकन कक्ष में बैठकर नामांकन पत्र प्राप्त किए गए।
नामांकन अवधि समाप्त होने के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए जुएल उरांव ने बताया कि तय समय सीमा के भीतर प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए एक तथा राष्ट्रीय परिषद सदस्य पद के लिए कुल 21 नामांकन पत्र प्राप्त हुए हैं।
प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए कार्यकारी अध्यक्ष एवं सांसद आदित्य साहू ने नामांकन दाखिल किया। उनके प्रस्तावकों में प्रदेश अध्यक्ष एवं नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा, केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी, सांसद विद्युत वरण महतो, प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश प्रसाद, विकास प्रीतम, बालमुकुंद सहाय, प्रदेश महामंत्री मनोज सिंह, प्रवक्ता रमाकांत महतो तथा महिला मोर्चा अध्यक्ष आरती सिंह शामिल हैं।
प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी और सांसद विद्युत वरण महतो नामांकन के प्रस्तुतकर्ता (प्रेजेंटर) बने।
राष्ट्रीय परिषद सदस्य के लिए जिन 21 नेताओं ने नामांकन किया है, उनमें कड़िया मुंडा, अर्जुन मुंडा, समीर उरांव, यदुनाथ पांडेय, चंपई सोरेन, संजय सेठ, रघुवर दास, दिनेशानंद गोस्वामी, मधु कोड़ा, पशुपतिनाथ सिंह, रविंद्र कुमार राय, अमर कुमार बाउरी, नीलकंठ सिंह मुंडा, भानु प्रताप शाही, जीतूचरण राम, अभयकांत प्रसाद, प्रदीप वर्मा, अनंत ओझा, दीपक प्रकाश और गीता कोड़ा शामिल हैं।
जुएल उरांव ने बताया कि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राष्ट्रीय परिषद के सदस्यों के नामों की विधिवत घोषणा 14 जनवरी को अपराह्न 2 बजे हरमू रोड स्थित कार्निवाल बैंक्वेट हॉल में आयोजित कार्यक्रम के दौरान की जाएगी।

