मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने दावोस एवं यूनाइटेड किंगडम दौरे की तैयारियों की समीक्षा की

Shashi Bhushan Kumar

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में अधिकारियों के साथ 18 से 26 जनवरी 2026 तक प्रस्तावित दावोस और यूनाइटेड किंगडम (लंदन) दौरे की तैयारियों की समीक्षा की। बैठक में दौरे से संबंधित महत्वपूर्ण पहलुओं पर विस्तार से चर्चा हुई।

अधिकारियों ने बताया कि झारखंड का 11 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम (Davos) की वार्षिक बैठक में भाग लेगा। यह झारखंड के लिए पहला अवसर होगा जब प्रतिनिधिमंडल वैश्विक मंच पर राज्य की संभावनाओं को प्रस्तुत करेगा। सम्मेलन में विश्व के प्रमुख निवेशक, उद्योगपति और गणमान्य व्यक्तियों की भागीदारी होगी।

दावोस यात्रा में झारखंड की खनिज संपदा, औद्योगिक ढांचा, सतत विकास आधारित दृष्टिकोण, पर्यटन क्षमता और निवेश की संभावनाओं को वैश्विक स्तर पर प्रदर्शित किया जाएगा। इसके बाद प्रतिनिधिमंडल यूनाइटेड किंगडम (लंदन) का दौरा करेगा, जिसमें संस्थागत, शैक्षणिक और निवेश-उन्मुख सहयोग पर चर्चा, नीति और ज्ञान आधारित संवाद, तथा भारतीय प्रवासी समुदाय के साथ बैठकें शामिल हैं।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि राज्य सरकार की ओर से सभी तैयारियाँ सुव्यवस्थित और प्रभावी ढंग से पूरी हों। उन्होंने यह भी कहा कि यह अंतरराष्ट्रीय दौरा झारखंड को प्रमुख निवेश गंतव्य के रूप में स्थापित करने और बहुराष्ट्रीय संस्थाओं के साथ सहयोग के नए अवसर बनाने में मदद करेगा।

बैठक में मंत्री सुदिव्य कुमार, विधायक कल्पना सोरेन, मुख्य सचिव अविनाश कुमार, अपर मुख्य सचिव वंदना दादेल, मंत्रिमंडल सचिव प्रशांत कुमार, अनुसूचित जाति/जनजाति और पिछड़ा वर्ग कल्याण सचिव कृपानंद झा, उद्योग सचिव अरवा राजकमल, पर्यटन सचिव मनोज कुमार, आदिवासी कल्याण आयुक्त कुलदीप चौधरी, निदेशक (खान एवं भू-तत्व) राहुल सिन्हा, प्रबंध निदेशक जियाडा वरुण रंजन, निदेशक उद्योग विशाल सागर, निदेशक आईपीआरडी राजीव लोचन बक्शी सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Share This Article
Live-7 TV
Leave a Comment