LIVE 7 TV /RANCHI
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से आज कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में हॉकी इंडिया के महासचिव भोला नाथ सिंह ने मुलाकात की। इस अवसर पर उन्होंने मुख्यमंत्री को मरांग गोमके जयपाल सिंह मुंडा एस्ट्रोटर्फ हॉकी स्टेडियम, मोरहाबादी (रांची) में 28 दिसंबर 2025 से आयोजित होने वाली हॉकी इंडिया लीग (एचआईएल) 2025-26 के उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने का सादर निमंत्रण दिया।
मुलाकात के दौरान हॉकी इंडिया के महासचिव ने मुख्यमंत्री को इस प्रतिष्ठित राष्ट्रीय हॉकी लीग के आयोजन को लेकर की जा रही तैयारियों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने आयोजन की व्यवस्थाओं, प्रतिभागी टीमों और दर्शकों के लिए की जा रही सुविधाओं के बारे में भी अवगत कराया।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने झारखंड में राष्ट्रीय स्तर की खेल प्रतियोगिताओं के आयोजन को राज्य के लिए गौरव का विषय बताते हुए सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से खेल संस्कृति को बढ़ावा मिलता है और राज्य के युवा खिलाड़ियों को प्रेरणा मिलती है।

