LIVE 7 TV/ RANCHI
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के निर्देशानुसार रांची शहर में आवागमन व्यवस्था, नागरिक सुविधाओं और आमजन के जीवन को अधिक सुगम, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से एक महत्वपूर्ण समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक में शहर की यातायात व्यवस्था, अतिक्रमण, महिला सुरक्षा और नागरिक सुविधाओं से जुड़े कई अहम मुद्दों पर विस्तृत चर्चा हुई।
बैठक में रांची नगर निगम के आयुक्त सुशांत गौरव, वरीय पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन, पुलिस अधीक्षक नगर गौतम राणा, पुलिस अधीक्षक यातायात राकेश सिंह, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण पुष्कर राणा, अपर जिला दंडाधिकारी (विधि-व्यवस्था) राजेश्वरनाथ आलोक, अनुमंडल पदाधिकारी सदर उत्कर्ष कुमार, अपर समाहर्ता राम नारायण सिंह, उपसमाहर्ता नजारत सुदेश कुमार, जिला परिवहन पदाधिकारी अखिलेश कुमार सहित नगर निगम और सूडा के संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।
बैठक में शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाने, प्रमुख सड़कों एवं चौक-चौराहों पर यातायात को सुचारु करने, बेतरतीब ढंग से लगे बिजली के खंभों एवं उन पर लटके तारों को व्यवस्थित करने तथा विभिन्न मार्गों पर अनावश्यक कट्स को बंद करने पर चर्चा की गई। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि शहर की सुंदरता, सुरक्षा और नागरिकों की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।
अव्यवस्थित तारों से होने वाली संभावित दुर्घटनाओं को रोकने के लिए टेलीकॉम कंपनियों के प्रतिनिधियों के साथ समन्वय बैठक आयोजित करने का निर्देश दिया गया, ताकि तारों को व्यवस्थित कर शहर की छवि बेहतर बनाई जा सके।
यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए टोटो परिचालन पर भी चर्चा हुई। जिला परिवहन पदाधिकारी को टोटो संघ के साथ बैठक कर मार्ग निर्धारण, परिचालन अनुशासन और यातायात नियमों के पालन को सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही टोटो चालकों के लिए यूनिफॉर्म अनिवार्य करने और प्रत्येक वाहन के पीछे चालक का नाम एवं मोबाइल नंबर बड़े अक्षरों में अंकित कराने का भी निर्देश दिया गया।
महिला सुरक्षा को लेकर विशेष दिशा-निर्देश जारी किए गए। भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों, प्रमुख बाजारों, सार्वजनिक स्थलों, शिक्षण संस्थानों के आसपास और रात्रिकालीन समय में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने का निर्णय लिया गया। महिला सुरक्षा से जुड़े मामलों में त्वरित कार्रवाई, नियमित पेट्रोलिंग और संवेदनशील स्थानों पर निगरानी व्यवस्था सुदृढ़ करने पर जोर दिया गया।
शहर को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए संबंधित अंचल अधिकारियों को नगर निगम की टीम के साथ समन्वय स्थापित कर संयुक्त रूप से कार्रवाई करने का निर्णय लिया गया, ताकि सड़कों, फुटपाथों और सार्वजनिक स्थलों से अवैध अतिक्रमण हटाकर नागरिकों को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि जिला प्रशासन चरणबद्ध तरीके से रांची को अतिक्रमण मुक्त, यातायात की दृष्टि से सुगम, नागरिकों के लिए सुरक्षित और सौंदर्यपूर्ण शहर के रूप में विकसित करेगा। प्रशासन का लक्ष्य है कि हर शहरवासी को सम्मान के साथ बेहतर जीवन सुविधाएं उपलब्ध हों और रांची एक आदर्श एवं सुव्यवस्थित शहर के रूप में स्थापित हो।

