महिला नेतृत्व भारत का नया भविष्य बनाने को तैयार: मोदी

Live 7 Desk

नयी दिल्ली, 29 जून (लाइव 7) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा है कि ‘महिला नेतृत्व विकास का मंत्र’ देश का नया भविष्य बनाने को तैयार है और महिलाएं समाज की नयी दिशा तय कर रही है।
श्री मोदी ने रविवार को आकाशवाणी पर अपने मासिक रेडियो कार्यक्रम मन की बात की 123 वीं कड़ी में कहा कि देश के कोने-कोने में ऐसी ही अनगिनत महिलाएं, अपना और देश का भाग्य बदल रही हैं। उन्होंने कहा ‘महिला नेतृत्व विकास का मंत्र’ भारत का नया भविष्य गढ़ने के लिए तैयार है। हमारी माताएं, बहनें, बेटियां आज सिर्फ अपने लिए ही नहीं, बल्कि पूरे समाज के लिए नई दिशा बना रही हैं।
प्रधानमंत्री ने तेलंगाना के भद्राचलम की महिलाओं की सफलता का उल्लेख करते हुए कहा कि ये महिलाएं कभी खेतों में मजदूरी करती थीं। रोज़ी रोटी के लिए दिन-भर मेहनत करती थीं। आज वही महिलाएं बाजरा – श्रीअन्न से बिस्किट बना रही है‌‌ और ‘भद्राद्री मिलेट मैजिक’ नाम से ये बिस्किट हैदराबाद से लंदन तक जा रहे हैं। इन्होंने ‘गिरि सैनिटरी पैड्स’ बनाना शुरू किया। सिर्फ तीन महीने में 40,000 पैड्स तैयार किए और उन्हें स्कूलों और आसपास के ऑफिसों में पहुँचाया।
प्रधानमंत्री ने कहा कि कर्नाटक के कलबुर्गी की महिलाओं ने ज्वार की रोटी को एक ब्रांड बना दिया है। इन्होंने सहकारी समिति बनाई है‌ और उसमें हर रोज तीन हजार से ज्यादा रोटियाँ बन रही हैं।
उन्होंने कहा, ‘इन रोटियों की खुशबू अब सिर्फ गाँव तक सीमित नहीं है। बेंगलुरु में विशेष दुकान खुल चुकी है।‌इसका बहुत शानदार असर इन महिलाओं पर पड़ा है‌ और उनकी आय बढ़ रही है।’
श्री मोदी ने मध्यप्रदेश की सुमा उइके का उल्लेख किया। उन्होंने मशरूम की खेती से अपने जीवन में बदलाव किया है।
सत्या जितेन्द्र
लाइव 7

Share This Article
Leave a Comment