RANCHI
झारखंड के श्रम मंत्री संजय प्रसाद यादव ने कहा कि राज्य के सभी प्रखंडों में नए कौशल केंद्र खोले जाएंगे, ताकि ग्रामीण और दूरदराज के क्षेत्रों के युवा अपने घर के पास ही आवश्यक प्रशिक्षण प्राप्त कर सकें। यह बात उन्होंने शुक्रवार को झारखंड कौशल विकास मिशन सोसाइटी (JSDMS) के तत्वावधान में आयोजित ‘झारखंड कौशल उत्कर्ष’ के भव्य समापन समारोह में कही।

संजय प्रसाद यादव ने प्रतियोगिता के 39 विजेताओं को सम्मानित करते हुए कहा कि ये युवा केवल राज्य के नहीं, बल्कि देश के प्रतिनिधि हैं। उन्होंने बताया कि विजेता युवा आगामी माह में ओडिशा, कर्नाटक और तमिलनाडु में होने वाले राष्ट्रीय राउंड में हिस्सा लेंगे। सफल प्रतिभागी चीन में आयोजित होने वाली विश्व स्तरीय प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे।
मंत्री ने कहा, “यह दिन झारखंड के कौशल इतिहास में स्वर्णिम अध्याय है। JSDMS राज्य के युवाओं को हुनरमंद बनाने और उन्हें नियोजित या स्वनियोजित करने में सतत मार्गदर्शक का काम कर रहा है।”
विभाग ने कुशल युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाने हेतु कई प्रतिष्ठित संस्थानों के साथ समझौता ज्ञापनों पर हस्ताक्षर किए हैं। इन साझेदारियों के माध्यम से प्रशिक्षित युवाओं को राष्ट्रीय और वैश्विक कंपनियों में रोजगार के अवसर प्राप्त होंगे।
समारोह के दौरान कौशल प्रशिक्षण के अतिरिक्त उत्कृष्ट कार्य और नवाचारों के लिए रांची के उप-श्रमायुक्त-सह-जिला कौशल पदाधिकारी और उनकी टीम को भी विशेष रूप से सम्मानित किया गया। मंत्री ने उनकी मेहनत, समर्पण और बेहतर प्रबंधन की सार्वजनिक सराहना की।

