बंगलादेश में वर्षाजनित कारणों से सात लोगों की मौत

Live 7 Desk

ढाका, 06 अक्टूबर (लाइव 7) बंगलादेश के शेरपुर जिले में जारी बारिश के कारण बाढ़ की स्थिति तेजी से बिगड़ रही है, जिससे कम से कम सात लोगों की मौत हो गयी है और कई अन्य लापता हैं।
मीडिया रिपोर्टों में यह जानकारी दी गयी है। जिला प्रशासन को राहत एवं बचाव कार्य के लिए सेना बुलानी पड़ी है।
स्थानीय अखबार ‘ढाका ट्रिब्यून’ के अनुसार, अब तक बाढ़ के कारण 28 यूनियन तथा शेरपुर के पांच उपजिलों या उप-विभागों में फैले 200 से अधिक गांव प्रभावित हुए हैं, जिससे 150,000 से अधिक लोग पेयजल से वंचित हो गये हैं।
जिले की कई नदियों में जल स्तर बढ़ गया है, और नये स्थान जलमग्न हो रहे हैं। अधिकारियों ने चिंता व्यक्त की है कि फसलों और कृषि को काफी नुकसान हो सकता है। बॉर्डर गार्ड बंगलादेश (बीजीबी), स्वयंसेवी समूह और स्थानीय अधिकारी बाढ़ से प्रभावित लोगों की सहायता कर रहे हैं। बंगलादेश सेना भी शनिवार सुबह से बचाव प्रयासों में शामिल हो गयी। शेरपुर सदर और नोकला उपजिलों में छह और यूनियनें शनिवार को बाढ़ की चपेट में आ गयीं।
शेरपुर की मोहर्शी, सोमेश्वरी, चेल्लाखाली, भोगई और मिरगी नदियां खतरे के स्तर से ऊपर बह रही हैं, जिससे जिले में बाढ़ की स्थिति और भी खराब हो गयी है।
 , 
लाइव 7

Share This Article
Leave a comment