मोदी बाइडेन ने किया, यूक्रेन, बंगलादेश पर विचार विमर्श

Live 7 Desk

नयी दिल्ली, 26 अगस्त (लाइव 7) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अमेरिका के राष्ट्रपति जोसेफ आर. बाइडेन से यूक्रेन और बंगलादेश की स्थितियों पर विस्तार से विचार विमर्श किया तथा यूक्रेन में युद्ध समाप्त कर संवाद और कूटनीति के जरिए शांति स्थापना और बंगलादेश में अल्पसंख्यकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
प्रधानमंत्री कार्यालय के अनुसार श्री मोदी को अमेरिका के राष्ट्रपति श्री बाइडेन की ओर से टेलीफोन कॉल आया। श्री मोदी ने राष्ट्रपति बाइडेन की भारत-अमेरिका व्यापक वैश्विक रणनीतिक साझीदारी की गहरी प्रतिबद्धता के लिए सराहना की, जो लोकतंत्र, कानून के शासन और लोगों के बीच मजबूत संबंधों के साझा मूल्यों पर आधारित है।
दोनों नेताओं ने द्विपक्षीय संबंधों में महत्वपूर्ण प्रगति की समीक्षा की और इस बात पर प्रकाश डाला कि भारत-अमेरिका साझीदारी का उद्देश्य दोनों देशों के लोगों के साथ-साथ पूरी मानवता को लाभ पहुंचाना है। दोनों नेताओं ने कई क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर विचारों का विस्तृत आदान-प्रदान किया।
प्रधानमंत्री कार्यालय के अनुसार यूक्रेन की स्थिति पर चर्चा करते हुए, प्रधानमंत्री मोदी ने राष्ट्रपति बाइडेन को उनकी यूक्रेन की हालिया यात्रा के बारे में जानकारी दी। उन्होंने संवाद एवं कूटनीति के पक्ष में भारत के सतत रुख को दोहराया तथा शांति और स्थिरता की शीघ्र वापसी के लिए पूर्ण समर्थन व्यक्त किया।
दोनों नेताओं ने बंगलादेश की स्थिति पर समान रूप से चिंता व्यक्त की। उन्होंने बंगलादेश में कानून और व्यवस्था की बहाली और अल्पसंख्यकों, विशेषकर हिंदुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
दोनों नेताओं ने क्वाड सहित बहुपक्षीय मंचों पर सहयोग को और मजबूत करने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने संपर्क में बने रहने पर भी सहमति व्यक्त की।
 , संतोष
लाइव 7

Share This Article
Leave a comment