ढाका
बांग्लादेश में प्रेस पर बढ़ती हिंसा के बीच नारायणगंज जिले के नरसिंदी क्षेत्र में बांग्लादेश क्राइम रिपोर्टर्स एसोसिएशन (सीआरएबी) के सदस्यों पर हुए हमले में कम से कम 10 पत्रकार घायल हो गए। स्थानीय मीडिया के अनुसार यह घटना सोमवार शाम की है।
जानकारी के मुताबिक, यह हमला नरसिंदी के माधबदी इलाके में ड्रीम हॉलिडे पार्क के बाहर हुआ, जब सीआरएबी के सदस्य अपने वार्षिक पिकनिक कार्यक्रम से लौट रहे थे। बताया गया कि ढाका के विभिन्न मीडिया संस्थानों से जुड़े पत्रकारों ने अपनी गाड़ियां पार्क के बाहर एक निजी जमीन पर खड़ी की थीं, जिसे आम तौर पर पार्किंग के लिए उपयोग किया जाता है।
दिन में किसी प्रकार का शुल्क नहीं लिया गया था, लेकिन शाम को वाहन निकालते समय पार्किंग अटेंडेंट्स ने अतिरिक्त पैसे की मांग की। इसी बात को लेकर विवाद शुरू हुआ, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया।
हमले में 10 पत्रकार घायल हो गए, जिनमें से एक को नरसिंदी सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जबकि नौ पत्रकारों को बेहतर इलाज के लिए ढाका भेजा गया है।
माधबदी थाना प्रभारी कमाल हुसैन के अनुसार, पुलिस ने मौके से दो संदिग्धों को हिरासत में लिया है। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार किए गए लोग पहले भी इसी स्थान पर अवैध रूप से अतिरिक्त पार्किंग शुल्क वसूलने की शिकायतों में शामिल रहे हैं। यह भूमि पार्क प्रशासन की नहीं बताई जा रही है।
घटना के बाद सीआरएबी अध्यक्ष मिर्जा मेहदी तमाल ने कहा कि हमलावरों ने भीड़ बनाकर हमला किया, जिससे कार्यक्रम में मौजूद महिलाओं और बच्चों में भी दहशत फैल गई।
गौरतलब है कि इससे पहले भी बांग्लादेश में पत्रकारों पर हमलों और हिंसा की घटनाओं को लेकर मानवाधिकार संगठनों ने चिंता जताई है। हालिया रिपोर्टों में राजनीतिक हिंसा, भीड़ द्वारा हमले, पत्रकारों को परेशान करना और कानून-व्यवस्था की गिरती स्थिति की ओर इशारा किया गया है।
अंतरिम सरकार के गठन के बाद से देश में कानून-व्यवस्था और प्रेस की सुरक्षा को लेकर सवाल लगातार उठते रहे हैं।

