वंदना कटारिया ने अंतरराष्ट्रीय हॉकी को कहा अलविदा

Live 7 Desk

नयी दिल्ली, 01 अप्रैल (लाइव 7) भारतीय महिला हॉकी की दिग्गज खिलाड़ी वंदना कटारिया ने आधिकारिक रूप से अंतरराष्ट्रीय हॉकी से संन्यास ले लिया हैं।
फरवरी 2025 में भुवनेश्वर में एफआईएच प्रो लीग के दौरान भारत के लिए अपना आखिरी मैच खेलने वाली वंदना कटारिया ने संन्यास की घोषणा की है। इसके साथ उनके 15 साल से अधिक लंबे असाधारण करियर का अंत हो गया।
वंदना ने कहा कि यह फैसला आसान नहीं था, लेकिन मुझे पता है कि यह सही समय है। हॉकी मेरी जिंदगी रही है और भारतीय जर्सी पहनना सबसे बड़ा सम्मान था। हर यात्रा का अंत होता है और मैं गर्व, आभार और खेल के लिए प्यार के साथ संन्यास ले रही हूं। भारतीय हॉकी अच्छे हाथों में है और मैं हमेशा इसकी सबसे बड़ी समर्थक रहूंगी।
इसके साथ ही उन्होंने कहा, “मैं अपने कोचों, साथियों, सपोर्ट स्टाफ, हॉकी इंडिया, अपने परिवार और सभी फैंस का धन्यवाद करना चाहती हूं जिन्होंने मुझे वर्षों तक समर्थन दिया। हर उत्साहवर्धन, हर संदेश, हर प्रोत्साहन शब्द मेरे लिए बहुत मायने रखते थे।”
भारतीय महिला हॉकी के इतिहास में सबसे अधिक मैच खेलने वाली वंदना कटारिया ने अपने 320 अंतरराष्ट्रीय मैचों और 158 गोल किये। 32 वर्षीय फारवर्ड वंदना ने 2009 में सीनियर टीम में पदार्पण किया था। वह टोक्यो ओलंपिक 2020 में भारत का ऐतिहासिक चौथे स्थान पर रहने वाली टीम में शामिल थी। इस दौरान वह खेलों में हैट्रिक बनाने वाली पहली और एकमात्र भारतीय महिला बनीं।
 ,  
लाइव 7

Share This Article
Leave a Comment