लिस्बन/ नयी दिल्ली 09 अप्रैल (लाइव 7) पुर्तगाल की यात्रा पर गयी राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने कहा है कि भारत अपने प्रवासियों के साथ संबंधों को मजबूत बनाने तथा उनका कल्याण सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है।
श्रीमती मुर्मु ने मंगलवार को यहां भारतीय समुदाय द्वारा आयोजित स्वागत समारोह में अपने संबोधन में यह बात कही। उन्होंने कहा “प्रवासी भारतीय दिवस” भारत सरकार के कैलेंडर में एक प्रमुख और उच्च प्राथमिकता वाला कार्यक्रम है। सरकार ने प्रवासी भारतीयों की सुरक्षा और कुशलता सुनिश्चित करने के लिए संकट के समय सहयोग के लिए कई पहलें की हैं। उन्होंने कहा, “ भारतीय मिशन विदेश में हर भारतीय की सहायता करने के लिए तैयार हैं, क्योंकि आप चाहे कहीं भी हों, आपकी मातृभूमि हमेशा आपके साथ है! मैं अपनी जड़ों से जुड़े रहने, पुर्तगाल में भारतीय संस्कृति को जीवित रखने भारत के प्रति अपने स्नेह, और भारतीय ध्वज को ऊंचा फहराए रखने के लिए आप सभी को धन्यवाद देती हूं। ”
उन्होंने कहा कि पुर्तगाल के साथ भारत के ऐतिहासिक और घनिष्ठ सांस्कृतिक संबंध रहे हैं। द्विपक्षीय संबंध समय के साथ और भी प्रगाढ़ हो रहे हैं। दोनों देश कई क्षेत्रों, जैसे व्यापार एवं वाणिज्य, रक्षा, विज्ञान और प्रौद्योगिकी, ऊर्जा, प्रवास और संस्कृति, में सक्रिय रूप से सहयोग कर रहे हैं।
श्रीमती मुर्मु ने कहा कि पुर्तगाल में लघु लेकिन अत्यंत सार्थक प्रवास के दौरान उन्होंने दोनों देशों के बीच मजबूत सांस्कृतिक संबंधों को महसूस किया, जो भारतीय कला, संस्कृति एवं खान-पान, योग एवं आयुर्वेद की लोकप्रियता में देखे जा सकते हैं। उन्होंने कहा , “ मैंने यह भी देखा कि लिस्बन की कई सड़कों के नाम भारत से संबंधित हैं, जिनमें ‘महात्मा गांधी एवेन्यू’ भी शामिल है। मुझे गांधीजी और कस्तूरबा जी की भव्य प्रतिमा के समक्ष ंजलि अर्पित करने का भी सौभाग्य प्राप्त हुआ। ”
उन्होंने कहा कि पुर्तगाल में भारतीय समुदाय राजनीति से लेकर व्यवसाय तक, शिक्षा से लेकर उद्योग तक, वैज्ञानिक अनुसंधान से लेकर साहित्य एवं पत्रकारिता तक, और मानव कार्यों से जुड़े अन्य सभी क्षेत्रों में मौजूद है। पुर्तगाल में भारतीय छात्रों की संख्या में भी वृद्धि हो रही है जो विभिन्न विषयों में उच्च अध्ययन एवं शोध कर रहे हैं।
श्रीमती मुर्मु ने कहा कि वर्ष 2025 का विशेष महत्व है क्योंकि भारत और पुर्तगाल राजनयिक संबंधों के 50 वर्ष पूरे होने का उत्सव मना रहे हैं। उन्होंने कहा कि पुर्तगाल के राष्ट्रपति के साथ उन्होंने इस उपलक्ष्य में विशेष डाक टिकट जारी किया। यह उत्सव दोनों देशों के इतिहास और प्रगतिशील विचारों का भी उत्सव है। उन्होंने कहा , “ यह हमारे लोगों, संस्कृति और उपलब्धियों, तथा भारत और पुर्तगाल दोनों के विचारों का उत्सव है। यह उत्सव विश्व शांति और सुरक्षा के प्रति हमारी प्रतिबद्धता, और दोनों देशों के लोगों की समृद्धि और विकास के लिये एक-दूसरे को दिए जाने वाले समर्थन के लिए है।”
उन्होंने कहा कि भारत परिवर्तन के पथ पर है। पिछले 10 वर्षों में सरकार द्वारा की गई पहल, शासन व्यवस्था में परिवर्तन, और लोगों की रचनात्मक ऊर्जा को गतिशील करने में योगदान दे रही है। उन्होंने कहा, “ हम इस दशक के अंत तक दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की ओर अग्रसर हैं। हम तेज गति से हो रहे विकास, तथा युवाओं की आकांक्षाओं के साथ तालमेल बिठाने के लिए, नई रूपरेखा का निर्माण कर रहे हैं। ”
श्रीमती मुर्मु के साथ केन्द्रीय राज्य मंत्री निमूबेन जयंतीभाई बांभनिया , सांसद धवल पटेल और संध्या रे भी थी।
लाइव 7
भारत प्रवासियों के साथ मजबूत संबंध तथा उनका कल्याण सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध : मुर्मु

Leave a Comment
Leave a Comment