नयी दिल्ली 27 जनवरी (लाइव 7) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा है कि भारत ने यूरोपीय संघ के 27 देशों के साथ अपने इतिहास का अब तक का सबसे बड़ा मुक्त व्यापार समझौता किया है जो साझा समृद्धि का प्रारूप है। श्री मोदी ने मंगलवार को यहां यूरोपीय परिषद के अध्यक्ष एंटोनियो कोस्टा और यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला वान डेर लेयेन के साथ 16 वें भारत- ई यू शिखर सम्मेलन के बाद संयुक्त वक्तव्य में कहा कि यह एक ऐतिहासिक अवसर है जब विश्व की दो सबसे बड़ी लोकतांत्रिक शक्तियां अपने संबंधों में निर्णायक अध्याय जोड़ रही हैं। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में भारत और यूरोपीय संघ के संबंधों में उल्लेखनीय प्रगति हुई है।

