नयी दिल्ली 14 मार्च (लाइव 7) रंगों के त्योहार होली का खुमार पूरे देश में शुक्रवार को सिर चढ़ कर बोला। कश्मीर से कन्याकुमारी तक रंगोत्सव की धूम मची रही। रमजान के पवित्र महीने में जुमे की नमाज को लेकर सुरक्षा के चाक चौबंद इंतजाम किये गये तथा सभी धर्मो के लोग मिल-जुल कर एक-दूसरे को होली की बधाई देते नजर आये।
होली के पर्व पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़, लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी व कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं ने देशवासियों को होली की बधाई एवं शुभकामनाएं दी।
राष्ट्रपति मुर्मु ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर अपने शुभकामना संदेश में कहा, “रंगों के त्योहार होली के पावन अवसर पर सभी देशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं। हर्षोल्लास का यह पर्व एकता, और सद्भाव का संदेश देता है। यह त्योहार भारत की अनमोल सांस्कृतिक विरासत का भी प्रतीक है। आइए, इस शुभ अवसर पर हम सब मिलकर भारत माता की सभी संतानों के जीवन में निरंतर प्रगति, समृद्धि और खुशियों के रंग भरने का संकल्प लें।”
इससे पहले प्रधानमंत्री मोदी ने गुरुवार रात को होली की बधाई देते हुए एक्स पर पोस्ट लिखा था, “आप सभी को होली की ढेरों शुभकामनाएं. हर्ष और उल्लास से भरा यह पावन-पर्व हर किसी के जीवन में नई उमंग और ऊर्जा का संचार करने के साथ ही देशवासियों की एकता के रंग को और प्रगाढ़ करे, यही कामना है।”
उपराष्ट्रपति धनखड़ ने होली की बधाई देते हुए ‘एक्स’ पर लिखा, “होली के पावन अवसर पर हार्दिक शुभकामनाएं. होली बुराई पर अच्छाई की जीत और वसंत के आगमन का प्रतीक है, जो नई शुरुआत और नए दृष्टिकोण का प्रतीक है। यह होली हमें अपने विचारों को करुणा से, अपने कार्यों को दयालुता से और अपने दृष्टिकोण को हमारे महान राष्ट्र के लिए से रंगने की याद दिलाए।”
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने होली की बधाई देते हुए कहा, “उमंग, उत्साह और रंगों के पर्व ‘होली’ की समस्त देशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं। यह रंगोत्सव आप सभी के जीवन में उत्तरोत्तर समृद्धि, उन्नति और संपन्नता लेकर आए।”
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने होली के शुभकामना देते हुए एक्स पर लिखा, “होली के पावन पर्व पर आप सभी को हार्दिक शुभकामनाएं. हर्ष, उल्लास और नवीन ऊर्जा का प्रतीक यह त्योहार आपके जीवन में प्रसन्नता और उत्तम स्वास्थ्य के रंग भरे, यही मंगलकामना है. आपकी होली आनंदमय और सुरक्षित हो।”
श्री राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “आप सभी को होली के पावन पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं। रंगों का यह त्यौहार आपके जीवन में नई उमंग, नए उत्साह और ढेर सारी खुशियां ले कर आए।”
कांग्रेस अध्यक्ष खरगे ने एक्स पर लिखा, “होली, विविधता का महोत्सव है। ये भय, द्वेष, ईर्ष्या, नफ़रत और भेदभाव को मिटाने का त्योहार है। होली हमें रंगो की विविधता का आनंद लेने के लिए प्रेरित करती है। सभी देशवासियों को होली की हार्दिक शुभकामनाएँ और बधाई।”
उन्होंने आगे कहा, “आइये हम अपने बहु-सांस्कृतिक समाज को जीवंत रंगों, एकजुटता व भाईचारे की भावना से भर दें और सौहार्द व सद्भाव का एक बार फिर प्रण लें।”
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने आज होली के त्यौहार पर दिल्ली और पूरे देश वासियों को अपनी अनंत शुभकामनाएं दीं। अपने संदेश में उन्होंने व्यक्त की कि रंगों का यह जीवंत त्योहार सभी के जीवन में अनगिनत खुशियाँ, अपार और सद्भाव लेकर आएगा।
श्रीमती गुप्ता ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर पोस्ट में लिखा, “रंगों के पवित्र त्योहार होली पर दिल्ली और पूरे देश के लोगों को अनंत शुभकामनाएं। रंगों का यह त्योहार, होली आपके जीवन में अनगिनत खुशियां, अपार और सद्भाव लेकर आए। यह त्योहार केवल रंगों का उत्सव नहीं है, बल्कि सच्चाई की जीत, रिश्तों के मजबूत बंधन और आपसी भाईचारे का जीवंत प्रतीक है।”
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक्स पर अपने शुभकामना संदेश में लिखा, “रंग, उमंग, उत्साह और तरंग के पावन पर्व होली की आप सभी को शुभकामनाएं। होली का पर्व एकता का संदेशवाहक है, जो हमें और सौहार्द के साथ सद्भाव के मार्ग पर चलने की प्रेरणा प्रदान करता है. प्रभु श्री से कामना है कि यह पर्व आप सभी के जीवन को सुख, समृद्धि व नव उमंग के विविध रंगों से परिपूर्ण करें।”
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने एक्स पर होली की शुभकामना संदेश लिखा, “रंग, उमंग, उत्साह, उल्लास, बंधुत्व, बराबरी और मेलजोल के महापर्व होली की हार्दिक शुभकामनाएं। होली खेलते हुए हर किसी को प्यार से गले लगाइए। अपने परिवार, समाज और हर देशवासी के साथ खुशियां बांटिए। आप सबके लिए होली शुभ हो।”
लखनऊ समेत कुछ इलाकों में गुरुवार शाम तेज हवाओं और बूंदाबांदी से वर्षा के होली के रंग में खलल पड़ने के आसार नजर आ रहे थे मगर आज सुबह चटक धूप के बीच लोगों ने रंगोत्सव का पूरा लुफ्त उठाया और अबीर गुलाल उड़ा कर ,गले मिल कर एक दूसरे को हाेली पर्व की बधाई दी। इस दौरान ठंडाई और गुझियों का दौर भी जमकर चला।
इस पावन अवसर पर गोरक्षपीठाधीश्वर एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार सुबह होलिका भस्म की पूजा कर होली मनाने का शुभारंभ किया। उन्होंने गोरखनाथ मंदिर में फाग गीतों का आनंद लिया और गोवंश को भस्म, गुलाल लगाकर गोसेवा की। मुख्यमंत्री ने भीम सरोवर के पास बतखों को तथा मंदिर की गोशाला के पास मोर को भी दाना खिलाया।
सुरक्षा के लिहाज से संभल,शाहजहांपुर,मुरादाबाद समेत कुछ शहरों में मस्जिदों को तिरपाल से ढक दिया गया था और जुमे की नमाज का समय दोपहर दो बजे के बाद का कर दिया गया था। पूरे उत्तर प्रदेश में इस दौरान शांति बनी रही और कहीं से भी किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली।
बाबा विश्वनाथ की नगरी वाराणसी में रंगों की बरसात के बीच जम कर ठंडाई चली। सिर से पांव तक रंगों में तर बतर लोग मस्ती में दिखे। प्रयागराज में भी खूब रंग पिचकारी चली। बच्चे,महिलायें,बुजुर्ग और युवा होली की मस्ती में डूबे रहे। बरेली,शाहजहांपुर,बाराबंकी,अयोध्या,कानपुर और देवरिया समेत समूचे उत्तर प्रदेश में युवा फिल्मी गीतों में थिरकते दिखायी दिये वहीं हमीरपुर,महोबा,बांदा,चित्रकूट और झांसी समेत समूचे बुंदेलखंड में लोकगीतों की धूम मची रही।
सोशल मीडिया पर भी होली का खुमार सुबह से चढ़ा रहा। व्हाट्सएप,फेसबुक और इंस्टाग् पर बधाई संदेशों और होली की रील ही दिखायी पड़ी। इस अवसर पर मुसलमानो ने दिल खोल कर अपने हिन्दू मित्रों को होली के बधाई संदेश देकर सांप्रदायिक सदभाव की मिसाल पेश की।
राजनीतिक दलों ने ट्विटर और फेसबुक के जरिये लोगों को होली की बधाई दी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव,बहुजन समाज पार्टी प्रमुख मायावती,कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय समेत कई राजनीतिक हस्तियों ने लोगों को होली की बधाई दी। इस अवसर पर कई राजनीतिक दलों ने अपने यहां होली मिलन समारोह का आयोजन किया।
पूरे देश में रंगोत्सव होली की रही धूम

Leave a Comment
Leave a Comment