LATEHAR
गुप्त सूचना के आधार पर लातेहार पुलिस ने शहर के बहेराटांड़ इलाके से ब्राउन शुगर के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान विशाल पासवान, पिता संतोष पासवान, निवासी बहेराटांड़, लातेहार के रूप में हुई है। इसके अलावा पुलिस ने प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन जेजेएमपी के एक सक्रिय सदस्य मनाजूल अंसारी उर्फ छोटू अंसारी को भी गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
लातेहार थाना प्रभारी प्रमोद सिन्हा ने बताया कि पुलिस अधीक्षक कुमार गौरव को मिली सूचना के बाद कार्रवाई की गई। तलाशी के दौरान विशाल पासवान के पास से अलग-अलग कागजों में रखी 13 पुड़िया बरामद हुई, जिनमें लगभग 4.76 ग्राम ब्राउन शुगर थी, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 10 हजार रुपये बताई गई है।
थाना प्रभारी के अनुसार, एनसीबी द्वारा एसपी को सूचना दी गई थी कि मानस पोर्टल के माध्यम से अवैध मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री हो रही है। इसके बाद अंचलाधिकारी नंदकुमार राम को सूचित कर छापेमारी दल गठित किया गया और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि वह अलग-अलग जगहों पर ब्राउन शुगर बेचता था।
इस अभियान में अंचलाधिकारी नंदकुमार राम, पुलिस अवर निरीक्षक राहुल सिन्हा, रामाकांत गुप्ता, राजा दिलावर, कामता कुमार, विकास कुमार और अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।
वहीं, जेजेएमपी के सक्रिय सदस्य मनाजूल अंसारी की गिरफ्तारी भी गुप्त सूचना के आधार पर की गई। जानकारी मिली थी कि वह नावागढ़ स्थित अपने ससुराल में छिपा हुआ है। एसपी के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अरविंद कुमार के नेतृत्व में छापेमारी कर उसे गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने बताया कि मनाजूल अंसारी के खिलाफ लातेहार और टंडवा थाना में दो मामले दर्ज हैं और वह पहले भी कई बार पुलिस कार्रवाई से बचकर फरार हो चुका था।

