नई दिल्ली : राजधानी में फर्जी पहचान पत्र का उपयोग कर सरकारी नौकरी दिलाने का भरोसा देने वाले एक युवक को पुलिस ने हिरासत में लिया है। कार्रवाई कोतवाली थाना पुलिस ने गश्त के दौरान की।
पुलिस के अनुसार, लाल किला क्षेत्र के पीछे स्थित दिल्ली चलो पार्क के पास एक संदिग्ध वाहन की जांच की गई। वाहन में आरोपी के साथ एक नाबालिग भी मिला, जिसे बाद में उसके परिजनों से संपर्क कर सुरक्षित उनके सुपुर्द कर दिया गया।
तलाशी के दौरान आरोपी के पास से राष्ट्रीय जांच एजेंसी का कथित पहचान पत्र बरामद हुआ। प्रारंभिक जांच में दस्तावेज फर्जी पाया गया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि एजेंसी इस प्रकार का पहचान पत्र जारी नहीं करती।
पूछताछ में सामने आया कि आरोपी इसी फर्जी पहचान के आधार पर लोगों को सरकारी नौकरी दिलाने का आश्वासन देता था और उनसे अग्रिम धनराशि लेता था। एक मामले में उसने आर्थिक रूप से कमजोर परिवार के नाबालिग को रोजगार का झांसा देकर रकम वसूली थी। दोनों 12 फरवरी को कश्मीर से दिल्ली पहुंचे थे और जामा मस्जिद इलाके के एक अतिथि गृह में ठहरे थे।
पुलिस को आरोपी की गतिविधियां संदिग्ध लगीं, जिसके बाद निगरानी बढ़ाई गई। बयान और दस्तावेजों में विसंगतियां मिलने पर फर्जीवाड़े का खुलासा हुआ। आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी और जालसाजी से संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। विभिन्न एजेंसियों के साथ मिलकर यह भी जांच की जा रही है कि इस तरीके से कितने लोगों को निशाना बनाया गया। मामले की आगे की जांच जारी है।

