RANCHI
रांची के रातू थाना क्षेत्र अंतर्गत चटकपुर गांव में बुधवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब ग्रामीणों ने एक बंद घर के भीतर एक युवक का शव देखा।
मामले की जानकारी मिलते ही रातू थाना प्रभारी आदिकांत महतो पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस के अनुसार, प्रथम दृष्टया यह मामला हादसा प्रतीत होता है। थाना प्रभारी ने बताया कि जिस घर में युवक का शव मिला है, उसके ठीक ऊपर से 11 हजार वोल्ट की हाई-टेंशन बिजली की लाइन गुजरी है।
पुलिस को आशंका है कि युवक अनजाने में इस तार की चपेट में आ गया होगा, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। हालांकि, पुलिस हत्या और अन्य बिंदुओं पर भी गौर कर रही है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मृतक के परिजनों को सूचित कर दिया गया है और उनकी शिनाख्त की प्रक्रिया पूरी की जा रही है।

