चतरा- हंटरगंज प्रखंड के डाहा गांव में संजय यादव नामक व्यक्ति ने सोमवार को अपने दादा दल्लू यादव (75) के साथ ओझागुनी का आरोप लगाते हुए मारपीट की, जिससे बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गया. जिससे उसके दादा का सिर फट गया, बांये कंधे में गंभीर चोट लगी है. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया. प्राथमिक उपचार के बाद गया मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया. बुजुर्ग ने बताया कि एक माह पूर्व पोता को दो पुत्री के बाद एक पुत्र हुआ था. तबीयत खराब रहने के कारण 15 दिन पूर्व उसकी मौत हो गयी. इसके बाद से दादा-दादी पर डायन बिसाही का आरोप लगा गाली गलौज कर रहा था. वहीं जान से मारने की धमकी दे रहा था. वह पत्नी तारा देवी को पत्थर से मार रहा था. जब बुजुर्ग उसे बचाने गया, तो मारपीट कर गंभीर रूप से घायल कर दिया. दल्लू यादव यादव ने थाना में आवेदन देकर संजय यादव, उसकी पत्नी संगीता देवी व बड़े पुत्र की बहू आकाश देवी पर मारपीट करने का आरोप लगाया है, वहीँ पुलिस मामले की जांच कर रही है.

