RANCHI
भारत निर्वाचन आयोग ने राज्यसभा की खाली हो रही सीटों के लिए चुनाव कार्यक्रम जारी कर दिया है। इस वर्ष 16 मार्च को 37 सीटों पर मतदान कराया जाएगा, जिनमें झारखंड की एक रिक्त सीट भी शामिल है।
अप्रैल महीने में कुल 37 सदस्यों का कार्यकाल समाप्त हो रहा है। इनमें से 22 सांसदों का कार्यकाल 2 अप्रैल को पूरा होगा, जबकि 15 सदस्यों की अवधि 9 अप्रैल को खत्म होगी। इसके अतिरिक्त जून में 22 और नवंबर में 11 सीटें और खाली होने वाली हैं, जिससे इस साल राज्यसभा की संरचना में व्यापक बदलाव देखने को मिल सकता है।
पूर्व मुख्य न्यायाधीश रंजन गोगोई का राज्यसभा कार्यकाल भी 16 मार्च को समाप्त हो रहा है। वहीं मिजोरम से एक सांसद का कार्यकाल 19 जुलाई को पूरा होगा।
झारखंड की एक सीट पहले से रिक्त है, जो पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन के निधन के बाद खाली हुई थी। आगामी चुनावों को लेकर विभिन्न राजनीतिक दलों ने तैयारियां तेज कर दी हैं। राज्यसभा की इन सीटों पर होने वाला चुनाव राष्ट्रीय राजनीति के दृष्टिकोण से काफी अहम माना जा रहा है।

