रांची में बेकाबू एसयूवी का कहर,6 लोग घायल, एक की मौत

Shashi Bhushan Kumar

रांची के चुटिया थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात तेज रफ्तार एक अनियंत्रित एसयूवी (थार) ने सड़क किनारे खड़े छह लोगों को टक्कर मार दी। हादसे में 40 वर्षीय धर्मेंद्र कुमार की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि पांच अन्य लोग घायल हो गए। घायलों में दो की हालत गंभीर बताई जा रही है।

पुलिस के मुताबिक, घटना साउथ रेलवे कॉलोनी स्थित दुर्गा मंदिर के पास हुई। वहां एक गृह प्रवेश समारोह से बाहर निकले कुछ लोग सड़क किनारे बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान रेलवे स्टेशन की ओर से आ रही तेज रफ्तार एसयूवी ने नियंत्रण खो दिया और लोगों को टक्कर मारते हुए आगे निकल गई।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि वाहन की रफ्तार काफी तेज थी, जिससे किसी को संभलने का मौका नहीं मिला। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। घायलों में रेलवे की टीटी अन्नपूर्णा नायडू (50), उनके पुत्र कुणाल नायडू (26), संदीप महतो (40), अमित सिंह (35) और प्रशांत गौरव शामिल हैं। अन्नपूर्णा और कुणाल का इलाज राज अस्पताल में चल रहा है, जबकि प्रशांत गौरव को गुरुनानक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अन्य दो घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया।

गंभीर रूप से घायल धर्मेंद्र कुमार ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। उनका शव पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेजा गया है। वह एक निजी कंपनी में मोबाइल टावर इंस्टॉलेशन से जुड़े कार्य में लगे थे।

हादसे के बाद चालक वाहन समेत फरार हो गया। पुलिस ने उसकी पहचान कर ली है और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। प्रारंभिक जांच में वाहन के डोरंडा की ओर भागने की जानकारी मिली है। चुटिया थाना पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। स्टेशन रोड, नेपाल हाउस और अन्य प्रमुख मार्गों के कैमरों की रिकॉर्डिंग की भी जांच की जा रही है। शहर में वाहन जांच अभियान तेज कर दिया गया है।

घटना के बाद इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है। उल्लेखनीय है कि हाल के दिनों में शहर में तेज रफ्तार वाहनों से जुड़े हादसों की घटनाएं सामने आई हैं, जिससे लोगों में चिंता बढ़ी है।

Share This Article
Live-7 TV
Leave a Comment