गिरफ्तार किए गए अपराधियों में एरिया कमांडर सुनील उरांव और मुकेश महतो शामिल हैं।
LIVE 7 TV/ LATEHAR
पुलिस अधीक्षक कुमार गौरव के निर्देश पर लातेहार जिले में एक बड़ी सफलता हासिल की गई है, जहां प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन झारखंड जन मुक्ति परिषद (जेजेएमपी) के दो महत्वपूर्ण एरिया कमांडरों को गिरफ्तार किया गया। इन उग्रवादियों पर दो लाख रुपये का इनाम घोषित था। गिरफ्तार किए गए अपराधियों में एरिया कमांडर सुनील उरांव और मुकेश महतो शामिल हैं।
एसपी कुमार गौरव ने एक प्रेस वार्ता में बताया कि उन्हें गुप्त सूचना प्राप्त हुई थी, जिसके आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए लातेहार और मनिका मुख्य पथ से दोनों उग्रवादियों को गिरफ्तार किया। जानकारी के अनुसार, उग्रवादी किसी बड़ी घटना को अंजाम देने के लिए बैठक कर रहे थे, जिन्हें पुलिस ने समय रहते पकड़ लिया।
पुलिस टीम का नेतृत्व एसडीपीओ अरविंद कुमार ने किया, जिन्होंने छापेमारी अभियान की पूरी जिम्मेदारी संभाली। लातेहार और मनिका थानों की संयुक्त छापेमारी में सुनील उरांव और मुकेश महतो को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में, सुनील उरांव ने खुद को जेजेएमपी का एरिया कमांडर बताया, जबकि मुकेश महतो ने अपना नाम मुकेश लोहरा बताया।
एसपी ने आगे बताया कि दोनों अपराधी लातेहार जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में सक्रिय थे और कई गंभीर अपराधों में शामिल थे। इन दोनों पर कई थानों में 17 सीएलएक्ट के तहत मामले दर्ज हैं। विशेष रूप से, सुनील उरांव पर मनिका, लातेहार, बालूमाथ और चंदवा थानों में सात मामले दर्ज हैं, जबकि मुकेश लोहरा पर दो मामले दर्ज हैं।
गिरफ्तार उग्रवादी सुनील उरांव का नाम पहले भी पुलिस रिकॉर्ड में था, और सरकार ने उस पर 2 लाख रुपये का इनाम घोषित किया था। एसपी ने बताया कि वर्तमान में जिले में सिर्फ चार से पांच उग्रवादी ही बच गए हैं, जो पुलिस के डर से भागे हुए हैं और किसी टीम के रूप में काम नहीं कर रहे हैं।इस सफलता में एसडीपीओ अरविंद कुमार के नेतृत्व में लातेहार थाना प्रभारी रमाकांत गुप्ता, पुअनि शशि कुमार, पुअनि राहुल सिंह, पुअनि विक्रांत कुमार उपाध्याय, पुअनि विकास कुमार, पुअनि धर्मवीर सिंह और अन्य सशस्त्र बलों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
पुलिस की इस सफलता से इलाके में पुलिस और प्रशासन की सक्रियता को लेकर सकारात्मक संकेत मिल रहे हैं, और उम्मीद जताई जा रही है कि आगे भी ऐसे उग्रवादियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

